एसएन में सेवाभावी चिकित्सकों का सम्मान, 1400 मरीजों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा

सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज आगरा में एनएमओ ब्रज प्रांत द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ के दौरान सेवा बस्तियों में कार्य करने वाले 200 से अधिक डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष बंसल, आरएसएस के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी और प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।

May 21, 2026 - 19:41
 0
एसएन में सेवाभावी चिकित्सकों का सम्मान, 1400 मरीजों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा
चिकित्सकों को सम्मानित करते डीएम मनीष बंसल व आरएसएस के प्रांत प्रचारक धर्मेन्द्र।

आगरा। ‘नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन’ (एनएमओ) ब्रज प्रांत की ओर से गुरुवार को सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर 12 अप्रैल 2026 को आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ में सेवा बस्तियों में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों और मेडिकल छात्र-छात्राओं को सम्मानित करना था।

एसएन मेडिकल कॉलेज के लेक्चर थियेटर-4 (LT-4) में आयोजित समारोह में चिकित्सा जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष बंसल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी, एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रशांत गुप्ता और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राकेश त्यागी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

डॉक्टर समाज के सबसे मजबूत स्तंभ-जिलाधिकारी

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि चिकित्सक समाज के ऐसे मजबूत स्तंभ हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के मानवता की सेवा में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा बस्तियों और जरूरतमंद इलाकों में जाकर स्वास्थ्य शिविर लगाना केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का सेवा भाव और गरीबों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है।

नर सेवा ही नारायण सेवा- आरएसएस प्रांत प्रचारक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सा सेवा सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने कहा कि युवा डॉक्टरों और वरिष्ठ चिकित्सकों ने जिस समर्पण के साथ सेवा बस्तियों में जाकर कार्य किया, वह राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा की भावना से किया गया कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है।

20 निःशुल्क शिविरों में 1400 मरीजों का हुआ उपचार

एनएमओ ब्रज प्रांत द्वारा आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ के अंतर्गत आगरा की विभिन्न सेवा बस्तियों में 20 निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में लगभग 1400 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें निःशुल्क परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
इस अभियान में 200 से अधिक वरिष्ठ चिकित्सकों, रेजिडेंट्स और मेडिकल छात्र-छात्राओं ने अपनी सेवाएं दी थीं। सम्मान समारोह में सभी सेवाभावी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

चिकित्सा सेवा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे- डॉ. प्रशांत गुप्ता

कार्यक्रम के आयोजक एवं एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य व एनएमओ ब्रज प्रांत के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि एक सच्चे चिकित्सक का दायित्व समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर जयंती पर आयोजित इस स्वास्थ्य सेवा यात्रा का उद्देश्य वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना था और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे।

कई वरिष्ठ चिकित्सकों को किया गया सम्मानित

समारोह में डॉ. टी.पी. सिंह, डॉ. प्रशांत लवानिया, डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. वरुण अग्रवाल, डॉ. मनीष बंसल, डॉ. विकास कुमार, डॉ. पुनीत भारद्वाज, डॉ. सुशील सिंघल, डॉ. पवन गुप्ता, डॉ. प्रदीप देब, डॉ. शिखा सिंह और डॉ. रेनू अग्रवाल सहित कई चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सेवा भारती से वीरेंद्र वार्ष्णेय समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक, छात्र और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच संचालन डॉ. अंकुर गोयल ने किया। अंत में प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।