बरेली में सांप का कहर: युवक की मौत, महिला जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही
-आरके सिंह- बरेली। जनपद में सांप के काटने की दो अलग-अलग घटनाओं ने दहशत फैला दी है। इज्जतनगर क्षेत्र में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि फतेहगंज पश्चिमी इलाके में एक महिला गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है।
थाना इज्जतनगर क्षेत्र के मुड़िया अहमदनगर निवासी 30 वर्षीय राकेश की सांप के डसने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, राकेश 11 मार्च को खेत में सरसों की फसल काट रहा था। इसी दौरान खेत में घुसी गाय को भगाने के लिए जैसे ही वह आगे बढ़ा, सांप ने उसके पैर में डस लिया।
घटना के बाद परिजन राकेश को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसे घर ले जाया गया। लेकिन छह दिन बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उसे दोबारा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि सांप के जहर का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था, जिससे उसकी मौत हो गई।
वहीं दूसरी घटना थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव माधवपुर माफी की है, जहां 45 वर्षीय मीरा देवी पत्नी स्वर्गीय राम सेवक राजपूत को सांप ने काट लिया। मीरा देवी सुबह घर के पीछे झाड़ियों में सफाई करने गई थीं, तभी सांप ने उनके पैर में डंस लिया।
शोर सुनकर उनका बेटा राकेश राजपूत मौके पर पहुंचा और सांप को मार दिया। गंभीर हालत में पहले उन्हें सीएचसी फतेहगंज पश्चिमी में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में मीरा देवी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
इस मामले में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि एक युवक और एक महिला को सांप काटने की सूचना प्राप्त हुई है। युवक की मृत्यु की खबर है, जबकि मामले में संबंधित राजस्व स्टाफ से विस्तृत जानकारी मांगी गई है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और त्वरित उपचार की आवश्यकता को फिर से उजागर कर दिया है।