फॉलोअर्स की सनक में ‘आत्महत्या’ का नाटक: आगरा में सोशल मीडिया स्टंट से मची हलचल, मेटा अलर्ट पर दौड़ी पुलिस, काउंसलिंग के बाद युवती को सख्त चेतावनी
आगरा। सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ किस कदर युवाओं को जोखिम भरे कदम उठाने के लिए प्रेरित कर रही है, इसका एक चौंकाने वाला मामला थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में सामने आया है। यहां एक युवती ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर आत्महत्या जैसा वीडियो पोस्ट कर सनसनी फैला दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेटा से आगरा पुलिस को तत्काल अलर्ट मिला, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर युवती की कुशलता सुनिश्चित की। पूछताछ में सामने आया कि यह पूरा वीडियो केवल सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए बनाया गया एक फर्जी स्टंट था।
मेटा अलर्ट मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
बताया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर युवती द्वारा आत्महत्या जैसा वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद मेटा की ओर से पुलिस को अलर्ट प्राप्त हुआ। इस युवती ने आल आउट (कीटनाशक) पीते हुए दिखाकर एक वीडियो पोस्ट किया जिस पर लिखा था- Ab Karna Block. आगरा पुलिस के सोशल मीडिया सेल को मेटा से अलर्ट मिला। सोशल मीडिया सेल ने थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस तत्काल सूचना दी। थाना पुलिस भी तत्काल सक्रिय हो गई और बिना देर किए युवती के बताए गए स्थान पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती की स्थिति की जांच की और उसे सुरक्षित पाया।
पूछताछ में खुला ‘फॉलोअर्स स्टंट’ का राज
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और लोकप्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से यह फर्जी वीडियो बनाया था। युवती ने बताया कि वीडियो के माध्यम से वह लोगों का ध्यान आकर्षित करना चाहती थी, इसलिए आत्महत्या जैसा दृश्य बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
पुलिस ने की काउंसलिंग, दी सख्त चेतावनी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती की काउंसलिंग की और उसे समझाया कि इस प्रकार के वीडियो न केवल समाज में गलत संदेश देते हैं बल्कि सुरक्षा और कानून व्यवस्था से भी खिलवाड़ करते हैं। पुलिस ने युवती को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी। युवती ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि वह आगे से ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगी।
परिजनों ने की पुलिस की तत्परता की सराहना
इस पूरे घटनाक्रम के बाद युवती के परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि समय रहते पुलिस के पहुंचने से स्थिति स्पष्ट हो गई और एक बड़ी गलतफहमी फैलने से बच गई।
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस प्रकार के भ्रामक और खतरनाक स्टंट करने से बचें। ऐसे कृत्य न केवल कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकते हैं, बल्कि समाज में भय और भ्रम का माहौल भी पैदा करते हैं।