पिता के हत्यारे बेटे को पुलिस ने 24 घंटे में दबोचा, कोर्ट ने भेजा जेल
आगरा के एत्माददौला क्षेत्र में ₹1500 के विवाद में अपने पिता की हत्या करने वाले आरोपी पुत्र धर्मवीर को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने शराब के नशे में पिता लीलाधर पर ईंट से हमला किया था, जिसमें उनकी मौत हो गई। भाई को भी घायल करने वाले आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
आगरा। आगरा के थाना एत्माददौला क्षेत्र स्थित प्रकाश नगर के छदामी नगर में पिता की हत्या कर सनसनी फैलाने वाले आरोपी पुत्र धर्मवीर को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि बुधवार सुबह हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। शराब के नशे में धुत धर्मवीर ने महज ₹1500 न मिलने पर अपने पिता लीलाधर पर इंटरलॉकिंग ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। बीच-बचाव करने आए अपने भाई राजेश को भी उसने घायल कर दिया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक धर्मवीर शराब पीने का आदी है। उसने पिता से शराब के लिए ₹1500 मांगे थे, लेकिन पिता द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर वह आगबबूला हो गया था। बुधवार सुबह लीलाधर अपने बेटे राजेश के साथ सब्जी मंडी जाने के लिए निकले थे। तभी रास्ते में धर्मवीर ने दोनों को रोक लिया और सड़क किनारे पड़ी इंटरलॉकिंग ईंट उठाकर अपने पिता के सिर पर लगातार वार कर दिए। अचानक हुए हमले से लीलाधर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
धर्मवीर ने अपने पिता को बचाने आए भाई राजेश पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया था। लीलाधर की एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद से पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीमों ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी धर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।