फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव की स्मारिका का विमोचन, कल जुटेंगे 150 से अधिक फूड प्रोसेसिंग उद्योग

आगरा। चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन (सीएफपीआईए) की ओर से आयोजित फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव-2026 के तहत शनिवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में स्मारिका का विमोचन और स्वस्थ जीवनशैली का आधार : भोजन से आरोग्य की ओर विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने संतुलित आहार, बेहतर दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। साथ ही 14 से 16 जून तक होने वाले तीन दिवसीय फूड एक्सपो की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।

Jun 13, 2026 - 19:47
 0
फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव की स्मारिका का विमोचन, कल जुटेंगे 150 से अधिक फूड प्रोसेसिंग उद्योग
होटल जेपी पैलेस में चैंबर ऑफ़ फ़ूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के फूड एक्सपो एंड कांक्लेव 2026 की स्मारिका का विमोचन करतीं रुचिरा ढल, पायल सेठ। राजकुमार भगत, नितेश अग्रवाल और अन्य।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर हेल्थ एंड वेलनेस कोच रुचिरा ढल, डाइटिशियन पायल सेठ, सीएफपीआईए के अध्यक्ष राजकुमार भगत, आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनुज सिंघल, सचिव विकास चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष आशीष गर्ग, शैलेंद्र अग्रवाल, सिद्धार्थ अग्रवाल, अभिषेक चौरसिया, संदीप काइला तथा सीए आरके जैन उपस्थित रहे।

सीएफपीआईए अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि 14, 15 और 16 जून को होटल जेपी पैलेस में आयोजित होने वाले फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल एवं प्रदेश के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी करेंगे। सात राज्यों की 150 से अधिक कंपनियां फूड प्रोसेसिंग मशीनरी, पैकेजिंग, कोल्ड चेन, वेयरहाउसिंग, फूड सेफ्टी और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी। साथ ही सरकारी योजनाओं, बैंकिंग, निवेश, तकनीकी सत्र और उत्कृष्ट इकाइयों के सम्मान समारोह भी आयोजित होंगे।

हेल्थ एंड वेलनेस कोच रुचिरा ढल ने कहा कि अच्छी सेहत के लिए संतुलित भोजन, प्रतिदिन पर्याप्त जल सेवन, छह से आठ घंटे की गुणवत्तापूर्ण नींद, नियमित व्यायाम और प्राणायाम आवश्यक हैं। उन्होंने मोबाइल देखते हुए भोजन करने की आदत छोड़ने और सकारात्मक वातावरण में भोजन करने की सलाह दी। डाइटिशियन पायल सेठ ने कहा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन सबसे बड़ी संपत्ति हैं। उन्होंने फल, सब्जियां और मोटे अनाज को भोजन में शामिल करने तथा तैलीय और अत्यधिक मसालेदार भोजन से बचने की सलाह दी।

दूसरे सत्र में फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव-2026 की स्मारिका का विमोचन किया गया। स्मारिका का संपादन वरिष्ठ पत्रकार तनु गुप्ता ने किया है। उन्होंने बताया कि इसमें आगरा मंडल के प्रमुख फूड ब्रांडों, उद्योग जगत की उपलब्धियों, नई तकनीकों, निर्यात संभावनाओं और सरकारी योजनाओं को प्रमुखता दी गई है।

कार्यक्रम का संचालन विकास चतुर्वेदी एवं आशीष गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अपरार्क शर्मा, दिलीप कुमार और सोनू ने संभाली। फोटो अवसर पर अशोक लालवानी भी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor