2027 के लिए सपा ने कसी कमर, लखनऊ की बैठक में संगठन को मजबूत करने और मतदाता सूची पर निगरानी का निर्देश, विधानसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशियों के नाम भी मांगे गए

आगरा। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में प्रदेश के सभी जिला एवं महानगर अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें आगरा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने भी सहभागिता की और संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी चुनाव की रणनीति पर अपना पक्ष रखा।

Aug 31, 2026 - 19:54
 0
2027 के लिए सपा ने कसी कमर, लखनऊ की बैठक में संगठन को मजबूत करने और मतदाता सूची पर निगरानी का निर्देश, विधानसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशियों के नाम भी मांगे गए
लखनऊ में सपा के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को हुई बैठक में संगठन के लोगों को संबोधित करते अध्यक्ष अखिलेश यादव। चित्र में आगरा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास भी हैं।

बैठक में अखिलेश यादव ने जिला और महानगर अध्यक्षों को 2027 का चुनाव पूरी मजबूती, अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता के साथ लड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने भाजपा की चुनावी रणनीतियों से सतर्क रहने और मतदाता सूची पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया।

पार्टी नेतृत्व ने पीडीए परिवार को और मजबूत करने को भी चुनावी रणनीति का प्रमुख हिस्सा बताया। बैठक में सामाजिक न्याय की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ बूथ और संगठन स्तर पर तैयारियां तेज करने पर चर्चा हुई।

2027 की तैयारियों के तहत संगठन स्तर पर संभावित विधानसभा प्रत्याशियों के नाम भी मांगे गए। इससे पार्टी की ओर से विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी दावेदारों की पहचान और संगठनात्मक तैयारियों को आगे बढ़ाने के संकेत मिले हैं।

बैठक में आगरा का पक्ष रखते हुए महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि आगरा में संगठन को और मजबूत किया जाएगा। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर जनता के बीच पहुंच बढ़ाई जाएगी और 2027 में परिवर्तन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ में आयोजित हुई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित प्रदेशभर के जिला एवं महानगर अध्यक्ष मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor