2027 में सपा की सरकार तय, भाजपा के झूठ और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त: शिवपाल यादव का आगरा से हुंकार

आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने आगरा के जैतपुर में आयोजित दंगल से 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अगली सरकार समाजवादी पार्टी की बनेगी। स्वर्गीय सेवाराम की स्मृति में आयोजित दंगल मेले में शामिल होने पहुंचे शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए और कहा कि झूठे वादों, बढ़ते भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों से जनता ऊब चुकी है।

Feb 24, 2026 - 23:04
 0
2027 में सपा की सरकार तय, भाजपा के झूठ और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त: शिवपाल यादव का आगरा से हुंकार
आगरा के जैतपुर में दंगल में भाग लेने पहुंचे सपा के महासचिव शिव पाल सिंह यादव प्रेस से बात करते हुए।

दंगल में मौजूद शिव पाल सिंह यादव। 

दंगल से पूर्व आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवपाल यादव ने कहा कि हालिया घटनाओं में पहले शंकराचार्य का अपमान किया गया, केवल गंगा स्नान का मुद्दा था लेकिन स्नान न करने देने से गंगा का भी अपमान हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्य के शिष्यों की पिटाई की गई और अब उन पर झूठे मुकदमे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र और धार्मिक आस्था दोनों पर हमला बताया।

शिवपाल यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार झूठ बोलने में माहिर है, काम कुछ करती नहीं। उन्होंने कहा कि अभी तक किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं। पहले जीएसटी और टैक्स बढ़ाए गए और अब चुनाव नजदीक आते ही उन्हें कम करने की बात की जा रही है। यह जनता को गुमराह करने की राजनीति है।

उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों डिप्टी मिनिस्टर अपने-अपने विभागों में प्रभावी नहीं हैं, वे ट्रांसफर तक नहीं करा पा रहे। विधायकों की कोई सुनवाई नहीं हो रही और पूरी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। शिवपाल यादव ने कहा कि पंचायत चुनाव समय पर होने चाहिए, लेकिन सरकार की मंशा ठीक नहीं लग रही है।

ब्राह्मण समाज को लेकर उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान मिलेगा और ब्राह्मण समाज का साथ पार्टी को मजबूती देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2027 के चुनाव को लेकर सपा का संगठन पूरी तरह तैयार है और जनता के सहयोग से बहुमत की सरकार बनेगी।

SP_Singh AURGURU Editor