सपा अध्यक्ष की पुत्री पर अभद्र टिप्पणी से भड़की सपा: साइबर थाने में दी तहरीर, मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग
आगरा। समाजवादी पार्टी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कड़ा विरोध जताया है। इस मामले में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने आगरा के साइबर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है।
समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव अवनींद्र यादव द्वारा साइबर थाने में दी गई तहरीर में कहा गया है कि 9 जून 2026 को फेसबुक पर राजेश गुप्ता नामक आईडी से एक पोस्ट की गई, जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बारे में असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया। तहरीर के अनुसार उक्त पोस्ट में उनकी पुत्री अदिति यादव के संबंध में भी आपत्तिजनक और चरित्र हनन करने वाली टिप्पणियां की गईं।
अवनींद्र यादव ने कहा कि चाहे बेटी किसी राजनीतिक दल के नेता की हो या किसी सामान्य परिवार की, किसी को भी उसके चरित्र पर अभद्र टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस प्रकार की मानसिकता का कड़ा विरोध करती है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करती है।
सपा नेता ने आरोप लगाया कि स्वयं को शुचिता की राजनीति का प्रतीक बताने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में विपक्षी नेताओं और उनके परिवारों के खिलाफ लगातार अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब भी बेरोजगारी, महंगाई और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली जैसे मुद्दे उठाए जाते हैं, तब ऐसे विवादित मामलों के जरिए जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास किया जाता है।
सपा नेताओं ने साइबर थाने में प्रार्थना पत्र देकर फेसबुक पोस्ट की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
साइबर थाने में तहरीर देने के दौरान अभिषेक, मयंक यादव, चांद कुरैशी, प्रियांशु शाक्य, प्रताप सिंह, आलोक यादव, सन्नी यादव, विशाल चौधरी, चंद्रकांत यादव, ऋषभ यादव तथा एडवोकेट आकाश यादव सहित कई समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।