सेठ अचल सिंह जयंती समारोह में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय बोले- वोट के बदले सामान बांटकर लोकतंत्र कमजोर किया जा रहा, डबी सरीन को नैतिक नागरिक सम्मान, छात्राओं को स्कॊलरशिप
आगरा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पांच बार आगरा के सांसद रहे सेठ अचल सिंह की 132वीं जयंती पर रविवार को पचकुइयां स्थित माथुर वैश्य सभागार में आयोजित समारोह राजनीतिक, सामाजिक और वैचारिक संदेशों का केंद्र बन गया। अचल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में गांधीवादी विचारधारा, सेवा, सामाजिक समरसता और लोकतंत्र की वर्तमान चुनौतियों पर खुलकर चर्चा हुई।
समारोह में कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में सेवा और त्याग की राजनीति की सबसे ज्यादा जरूरत है, लेकिन लोकतंत्र को वोट के बदले सामान बांटकर कमजोर किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कार्यक्रम अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, अचल ट्रस्ट अध्यक्ष शशि शिरोमणि, ट्रस्ट मंत्री राजीव अग्रवाल तथा उपमंत्री मनोज कुमार जैन वोहरा ने सेठ अचल सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद संगीत कला केंद्र के कलाकारों ने प्रतिभा केशव तलेगांवकर के निर्देशन में गांधीजी के प्रिय भजन- वैष्णव जन तो तेने कहिए...की प्रस्तुति देकर माहौल को भावपूर्ण बना दिया।
अजय राय बोले- जनता अब जवाब देने को तैयार
अपने संबोधन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज देश में बदले की राजनीति का वातावरण तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है, लेकिन अब जनता जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।
उन्होंने कहा, हम राहुल गांधी के सिपाही हैं। संघर्ष करेंगे, आवाज उठाएंगे और जरूरत पड़ी तो कुर्बानी देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेते हुए कहा कि बनारस में जनता ने भाजपा को कड़ी चुनौती दी थी और आने वाले समय में जनता सत्ता को जवाब जरूर देगी।
प्रदीप जैन आदित्य ने विकास दावों पर उठाए सवाल
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास केवल कागजों तक सीमित रह गया है। आगरा आज भी पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है।
उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना को बड़ा घोटाला बताते हुए कहा कि जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाने के लिए केवल दिखावटी राजनीति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में शराब और भू-माफियाओं का प्रभाव बढ़ता जा रहा है, जबकि बुंदेलखंड जैसे क्षेत्रों में अब तक अपेक्षित विकास नहीं पहुंच पाया।
डबी सरीन को मिला नैतिक नागरिक सम्मान
समारोह में समाजसेवी एवं उद्यमी डबी सरीन को नैतिक नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डबी सरीन ने कहा, इंसान खाली हाथ आता है, लेकिन यदि समाज को कुछ देकर जाए और किसी के चेहरे पर मुस्कान छोड़ जाए, तभी जीवन सफल कहलाता है। उन्होंने सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया।
छात्राओं को दी गई छात्रवृत्ति
इस अवसर पर बीडी जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा काजल कुमारी को विज्ञान वर्ग में जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित कर छात्रवृत्ति प्रदान की गई। साथ ही विद्यालय की 10 अन्य छात्राओं को भी स्कॉलरशिप देकर प्रोत्साहित किया गया।
गांधीवादी विचारधारा पर हुआ मंथन
अचल ट्रस्ट अध्यक्ष शशि शिरोमणि ने कहा कि गांधीवादी विचारधारा आज भी समाज को जोड़ने की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने नैतिक मूल्यों, सहिष्णुता और सेवा भावना को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
ट्रस्ट मंत्री राजीव अग्रवाल ने ट्रस्ट की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर में किए गए सामाजिक और शैक्षिक कार्यों की जानकारी दी।
अचल ट्रस्ट के उपमंत्री एवं सेठ अचल सिंह के प्रपौत्र मनोज कुमार जैन वोहरा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि ट्रस्ट लगातार सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।
इन वक्ताओं ने भी रखे विचार
विशिष्ट अतिथि बाबा प्रीतम दास ने प्रेम, सेवा और मानवता को सबसे बड़ा धर्म बताया। इस अवसर पर डॉ. गिरजा शंकर शर्मा, डॉ. मधुरिमा शर्मा, डॉ. विकास जैन और राजकुमार जैन ने सेठ अचल सिंह एवं पूर्व सांसद निहाल सिंह के सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन हरीश चिमटी ने किया जबकि पूर्व पार्षद एवं ट्रस्टी अशोक राठी ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में भारत भूषण, दिनेश बाबू शर्मा, प्रदीप पुरी, अमित शर्मा, नम्रता, अशोक शिरोमणि, रमाशंकर शर्मा, राम टंडन, पीसी नरवर, संजीव अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।