पीलीभीत रिजर्व में टाइगर ट्रेल पर खास लम्हा: सड़क पर आए तीन बाघ तो रुक गया ट्रैफिक, कैमरों में कैद हुआ रोमांच
पीलीभीत टाइगर रिजर्व को उत्तराखंड के जंगलों से जोड़ने वाले माधोटांडा-खटीमा मार्ग पर सोमवार सुबह उस वक्त रोमांचक दृश्य पैदा हो गया जब तीन बाघ एक साथ सड़क पर आ गये। तीनों बाघों ने सड़क पर अपना ‘कब्जा’ जमा लिया, जिससे दोनों ओर का यातायात थम गया और पर्यटक रोमांचित हो उठे।
-आरके सिंह-
पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व क्षेत्र से गुजरने वाला माधोटांडा-खटीमा मार्ग सोमवार को अचानक वन्यजीवों की मौजूदगी से जीवंत हो उठा। सुबह के समय जंगल से निकलकर तीन बाघ सीधे सड़क पर आ गए और कुछ देर तक बेखौफ अंदाज में पूरे मार्ग पर टहलते रहे।
बाघों की अचानक मौजूदगी से मार्ग पर चल रहे वाहनों के पहिए थम गए। राहगीरों और पर्यटकों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दूरी बनाई और इस दुर्लभ नजारे का आनंद लिया। कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में इस अद्भुत क्षण को कैद किया, जो किसी रोमांचक वन्यजीव फिल्म से कम नहीं था।
बताया जाता है कि यह मार्ग पीलीभीत टाइगर रिजर्व को उत्तराखंड के घने जंगलों से जोड़ता है, जहां वन्यजीवों की आवाजाही आम बात है। हालांकि, एक साथ तीन बाघों का सड़क पर दिखना बेहद दुर्लभ और खास रहा।
कुछ देर तक तीनों बाघ सड़क पर मस्ती करते रहे, मानो यह इलाका उन्हीं का हो। उनके जंगल की ओर लौटने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका।
इस पूरे घटनाक्रम पर रेंजर सहेंद्र कुमार यादव ने बताया कि यह पूरा क्षेत्र वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है, जहां उनका विचरण स्वाभाविक है। वन विभाग लगातार निगरानी करता है और इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक भी किया जाता है।
इस घटना से यह साबित हुआ कि इंसानी दखल के बीच भी जंगल की असली सत्ता अब भी वन्यजीवों के हाथ में है, और ऐसे नजारे प्रकृति की जीवंतता का प्रमाण हैं।