जयपुर हाईवे पर रफ्तार का कहर: फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में बेकाबू ट्रेलर ने 16 वर्षीय किशोरी को रौंदा, बहन ने भागकर बचाई जान

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी (आगरा)। आगरा–भरतपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी दो बहनों को टक्कर मार दी। हादसे में 16 वर्षीय किशोरी तनु की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बहन ममता ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचा ली। दुर्घटना के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ों में घुस गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

Mar 15, 2026 - 20:26
 0
जयपुर हाईवे पर रफ्तार का कहर: फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में बेकाबू ट्रेलर ने 16 वर्षीय किशोरी को रौंदा, बहन ने भागकर बचाई जान
आंखों के सामने बहन की मौत होने पर दहाड़ें मारकर रोती दूसरी बहन।

वह ट्रेलर, जिसने किशोरी को टक्कर मारी। 

तेरह मोरी के पास हुआ हादसा

यह दर्दनाक हादसा फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में आगरा-भरतपुर नेशनल हाईवे स्थित तेरह मोरी के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार भरतपुर की इंदिरा कॉलोनी हीरा दास निवासी तनु (16) पुत्री पप्पू अपनी बहन ममता आगरा के गांव लोहकरेरा में अपनी बहन के घर आई हुई थीं। बहनोई विष्णु अपनी इन दोनों सालियों को उनके घर भरतपुर में छोड़ने जा रहा था। तेरह मोरी के पास विष्णु ने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की और लघुशंका के लिए चला गया। दोनों बहनें सड़क किनारे खड़ी होकर बहनोई के का इंतजार कर रही थीं।

इसी दौरान आगरा की ओर से भरतपुर की तरफ जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी दोनों बहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तनु गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

ट्रेलर को अपनी ओर आता देख ममता किसी तरह दौड़कर एक तरफ हट गई और उसकी जान बच गई, जबकि तनु गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ट्रेलर कब्जे में, चालक फरार

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर हिमांशु पाल ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

मृतका तनु का फाइल फोटो।

पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor