आगरा में हाईवे पर दौड़ती बस पलटी, अरतौनी पर हुए हादसे में बस के दो पहिए भी निकल गए, कई यात्री घायल

आगरा। शेरजंग-अरतौनी मार्ग पर बुधवार सुबह एक सड़क हादसा उस समय टल गया, जब रोडवेज की एक अनुबंधित बस अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान बस के अगले दोनों पहिए निकलकर अलग हो गए, जिससे बस हाईवे पर पलट गई और उसमें सवार करीब 10 से 12 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। प्रारंभिक तौर पर बस की खराब मेंटीनेंस को हादसे का बड़ा कारण माना जा रहा है।

Jun 24, 2026 - 12:58
 0
आगरा में हाईवे पर दौड़ती बस पलटी, अरतौनी पर हुए हादसे में बस के दो पहिए भी निकल गए, कई यात्री घायल
आगरा में हाईवे पर अरतौनी के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई अनुबंधित बस की कुछ तस्वीरें।

दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे शेरजंग-अरतौनी मार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस का पंजीकरण संख्या यूपी-85 एटी-4281 (UP85AT4281) है। हादसे के समय बस में लगभग 10 से 12 यात्री सवार थे। अचानक बस के अगले दोनों पहिए निकल जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा भेजा गया। सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

दुर्घटना के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर पलटी बस के चलते एक ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक वाहन रेंग-रेंग कर गुजरे। बाद में पुलिस ने क्रेन बुलवाकर दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

बताया जा रहा है कि यह रोडवेज की अनुबंधित बस थी। हादसे के दौरान बस के अगले दोनों पहियों का निकल जाना वाहन की तकनीकी स्थिति और नियमित मेंटीनेंस पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। यदि समय रहते बस की समुचित जांच और रखरखाव किया गया होता तो संभवतः इस हादसे को टाला जा सकता था।

-रिपोर्ट- सौरभ सिंह, रुनकताTop of Form

Bottom of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor