आगरा में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, साथी जिंदगी से जंग लड़ रहा
आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें 27 वर्षीय हेमंत की मौके पर मौत हो गई और उसका साथी आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी कार सवार मौके से फरार हैं, पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। मृतक सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।
आगरा। आगरा के बोदला-अछनेरा रोड पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में बिचपुरी पोस्ट ऑफिस के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
रात करीब 11 बजे हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, लेकिन उसमें सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान थाना किरावली क्षेत्र के कस्बा मिढ़ाकुर निवासी 27 वर्षीय हेमंत पुत्र सतेंद्र उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। वह अपने साथी आकाश शर्मा के साथ बिचपुरी से वापस घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल आकाश शर्मा को पहले स्थानीय उपचार दिया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर परिजन उसे नई दिल्ली स्थित एम्स ले गए। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक हेमंत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कार सवारों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके। हेमंत अपने परिवार का सबसे छोटा सदस्य था। उसकी दो बड़ी बहनें हैं। उसने हाल ही में स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी और सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटा था। अपने सपनों को साकार करने के लिए वह दिल्ली में रहकर जर्मन भाषा का प्रशिक्षण भी ले चुका था। पिता सतेंद्र खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
बेटे की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी शोक की लहर है और हर किसी की जुबान पर यही सवाल है,आखिर तेज रफ्तार का यह कहर कब थमेगा?