यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी रफ्तार, आगरा में भीषण हादसे में दो बहनों की दर्दनाक मौत
आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार एसयूवी ने वैगनआर कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दिल्ली निवासी दो सगी बहनों रिहाना बेगम और अफसाना बेगम की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों समेत पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खंदौली टोल के पास तेज रफ्तार एसयूवी ने वैगनआर को रौंदा, बच्चों समेत 5 घायल
आगरा। आगरा में मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। खंदौली टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार एसयूवी ने पीछे से एक वैगनआर कार में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के संगम विहार और जैतपुर इलाके में रहने वाला परिवार वैगनआर कार से मैनपुरी स्थित अपने गांव जा रहा था। परिवार रात में दिल्ली से निकला था और तड़के करीब चार बजे जब उनकी कार आगरा के खंदौली टोल प्लाजा के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एसयूवी ने वैगनआर को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एसयूवी की रफ्तार बेहद ज्यादा थी। टक्कर लगते ही वैगनआर कई फीट तक घिसटती चली गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई।
कार में फंस गए थे लोग
हादसा इतना भयावह था कि वैगनआर में सवार लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर मौजूद टोल कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद एक्सप्रेसवे एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को आगरा के अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दो सगी बहनों की मौके पर मौत
इस दर्दनाक हादसे में 36 वर्षीय रिहाना बेगम उर्फ रानी पत्नी शाकित अली निवासी गुप्ता कॉलोनी, पुष्पा भवन, संगम विहार, दिल्ली और उनकी बड़ी बहन 42 वर्षीय अफसाना बेगम पत्नी अफसर अली निवासी सौरभ विहार, जैतपुर, दिल्ली की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार के लोगों के अनुसार, दोनों बहनें अपने रिश्तेदारों से मिलने गांव जा रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मासूम बच्चे भी घायल
हादसे में घायल लोगों में काका, चार वर्षीय हमजा, छह वर्षीय हीवा और 38 वर्षीय शबनम शामिल हैं। वहीं, एसयूवी चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में तेज रफ्तार बनी वजह
खंदौली थाना के थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह एसयूवी की तेज रफ्तार सामने आ रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। यमुना एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ते सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहे हैं।