तेज रफ्तार टेम्पो ने बाइक को रौंदा: आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में युवक की मौत, साथी गंभीर घायल; हादसे के बाद चालक टेम्पो छोड़कर फरार
आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्राम सामरा मार्ग पर टेम्पो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद टेंपो चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों के पीछा करने पर टेंपो छोड़कर मौके से फरार हो गया।
-महावीर सिंह वर्मा-
फतेहपुर सीकरी (आगरा)। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सामरा मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे टेम्पो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नगला बंजारा सहनपुर निवासी बॉबी पुत्र रणधीर अपने साथी अभिषेक के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम सामरा की ओर से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान फतेहपुर सीकरी की ओर से तेज गति से आ रहे टेम्पो ने उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक बॉबी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद टेंपो चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। घटना को देखकर आसपास के ग्रामीणों ने उसका पीछा किया, लेकिन चालक टेम्पो को रास्ते में छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल अभिषेक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। साथ ही पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टेम्पो को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार टेंपो चालक की तलाश में जुटी हुई है।