न्यू दक्षिणी बाईपास पर तेज रफ्तार का कहर, सगाई में जा रहे पिता और मासूम बेटी की मौत से मचा कोहराम
आगरा के न्यू दक्षिणी बाईपास पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता और उसकी तीन वर्षीय बेटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। दोनों सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद पुलिस जांच में जुटी है और CCTV के जरिए वाहन की तलाश की जा रही है। घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
आगरा। आगरा के न्यू दक्षिणी बाईपास पर रविवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता और उसकी तीन वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के गांव सोनोटी निवासी 28 वर्षीय सतपाल बघेल अपनी तीन वर्षीय पुत्री कनक के साथ मलपुरा थाना क्षेत्र के गांव कबूलपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे वे बाइक से निकले थे। मासूम कनक को उन्होंने अपने सामने बैठाया हुआ था और सुरक्षा के लिए गमछे से बांध रखा था।
पीछे से आई तेज रफ्तार गाड़ी ने मारी टक्कर
जैसे ही वे गांव मुड़हेरा के पास न्यू दक्षिणी बाईपास पर पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन मदद पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
सगाई की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, जैसे ही यह खबर परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया।
बताया गया कि सतपाल अपनी बेटी के साथ कबूलपुर में अपने रिश्तेदार सुखबीर की लगुन-सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सतपाल की पत्नी मीना पहले ही अपने नौ माह के बेटे के साथ मायके पहुंच चुकी थीं। ऐसे में परिवार में जहां शादी की खुशियां थीं, वहीं इस हादसे ने पूरे माहौल को गहरे शोक में बदल दिया।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीणों की मांग-बाईपास पर लगे रफ्तार पर लगाम
स्थानीय ग्रामीणों ने इस दर्दनाक हादसे के बाद भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज गति के कारण हादसे होते रहते हैं।