बरेली में महिला दिवस पर खेल प्रतियोगिताएं, बरेली में ‘अस्मिता लीग’ से दौड़ेंगी बेटियां

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बरेली में बड़े स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में मेरा युवा भारत बरेली और खेलो इंडिया के समन्वय से 8 मार्च 2026 को अस्मिता (ASMITA) अचीविंग स्पोर्ट्स माइलस्टोन बाय इंस्पायरिंग वूमेन थ्रू एक्शन पहल के अंतर्गत ‘अस्मिता लीग’ का आयोजन किया जाएगा।

Mar 6, 2026 - 19:24
Mar 7, 2026 - 13:13
 0
बरेली में महिला दिवस पर खेल प्रतियोगिताएं, बरेली में ‘अस्मिता लीग’ से दौड़ेंगी बेटियां
बरेली में महिला दिवस पर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के बारे में प्रेस वार्ता में जानकारी देतीं उप निदेशक पुष्पा सिंह।

इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की खेलों में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना, फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और खेल संस्कृति को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है।

शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उप निदेशक पुष्पा सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

उन्होंने बताया कि 8 मार्च को प्रातः 9 बजे से डोरी लाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ-साथ कई मनोरंजक गतिविधियां भी शामिल होंगी।

प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्गों में आयोजित की जाएंगी। ये हैं- 13 वर्ष से कम, 13 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा और प्रतिभागियों के लिए आयु सत्यापन आवश्यक होगा। प्रतियोगिताओं का तकनीकी संचालन अधिकृत प्रतियोगिता प्रबंधकों और खेल अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।

प्रत्येक स्पर्धा और आयु वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।

उप निदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि यह एक वृहद प्रतियोगिता होगी जो पूर्णतः निःशुल्क है और किसी भी आयु वर्ग की महिलाएं इसमें भाग ले सकती हैं।

उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से महिलाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाना, आत्मविश्वास बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने जनपद की अधिक से अधिक छात्राओं और महिलाओं से अपील की कि वे इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लें और महिला सशक्तिकरण के इस अभियान को सफल बनाएं।

SP_Singh AURGURU Editor