आगरा के मनकामेश्वर मंदिर क्षेत्र को सप्लाई होता था टूंडला में बना नकली घी, एफएसडीए ने किया फैक्ट्री का भंडाफोड़
टूंडला के चुल्हावली रोड स्थित मकान में नकली घी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई। एफएसडीए ने 525 किलो संदिग्ध घी और 34 टीन माल सीज किया। रिफाइंड तेल, एसेंस और केमिकल मिलाकर तैयार किया जा रहा था कथित देसी घी। कारोबारी विवेक गुप्ता हिरासत में, पूछताछ में आगरा कनेक्शन सामने आया। आगरा के मनकामेश्वर मंदिर क्षेत्र तक सप्लाई होने का दावा। नमूने जांच के लिए भेजे गए, रिपोर्ट के बाद एफआईआर और कानूनी कार्रवाई होगी।
रिफाइंड और केमिकल से बन रहा था 'देशी घी', आगरा समेत कई जिलों में सप्लाई का खुलासा, 5.40 लाख का नकली घी सीज
फिरोजाबाद/आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने शनिवार को फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र में संचालित एक कथित नकली देशी घी फैक्ट्री पर छापेमारी कर बड़ा खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान 525 किलोग्राम संदिग्ध घी बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.40 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब पूछताछ में कारोबारी ने आगरा के प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर तक घी की सप्लाई होने का दावा किया।
खाद्य सुरक्षा विभाग को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि टूंडला के चुल्हावली रोड स्थित एक किराए के मकान में बड़े पैमाने पर नकली देशी घी तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. चंदन पांडे के निर्देशन में टीम ने छापेमारी की।
जांच के दौरान मौके से 15-15 किलोग्राम क्षमता वाले 35 टीन बरामद किए गए, जिनमें से 34 टीनों को विभाग ने सीज कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री में रिफाइंड तेल, एसेंस और अन्य रासायनिक पदार्थों का मिश्रण कर देसी घी जैसा उत्पाद तैयार किया जा रहा था। मौके पर घी बनाने में प्रयुक्त सामग्री और उपकरण भी मिले हैं।
छापेमारी के दौरान टीम ने विवेक कुमार गुप्ता पुत्र अमरनाथ गुप्ता निवासी मस्जिद रोड, टूंडला को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि तैयार माल की सप्लाई बुंदेलखंड, मध्य प्रदेश और आसपास के कई जिलों में की जाती थी। इसी दौरान उसने आगरा के मनकामेश्वर मंदिर क्षेत्र में भी घी की आपूर्ति होने की जानकारी दी, जिसके बाद विभाग ने सप्लाई चैन की गहन जांच शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बरामद घी और अन्य सामग्री के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में भी जुटा हुआ है।
मनकामेश्वर मंदिर का नाम सामने आने के बाद आगरा में भी खाद्य विभाग और प्रशासन सतर्क हो गया है। यदि जांच में सप्लाई संबंधी दावे सही पाए जाते हैं तो आगरा में घी की खपत और वितरण से जुड़े कई अन्य बिंदुओं की भी जांच हो सकती है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नकली खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह कारोबार कब से चल रहा था और इसके तार किन-किन जिलों तक फैले हुए हैं।