श्री अरविंद सोसायटी के बाल शिविर में नगला इमली के 150 से अधिक बच्चों का सर्वांगीण सशक्तिकरण
ग्रामीण भारत के बच्चों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार—तीनों को एक साथ साधने की दिशा में आगरा में एक उल्लेखनीय पहल सामने आई है। श्री अरविंद सोसाइटी की आगरा शाखा ने ग्राम ककुआ के नगला इमली में ग्रामीण बाल शिविर आयोजित कर 150 से अधिक बच्चों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास का संगठित मंच प्रदान किया।
आगरा। ग्वालियर रोड पर ग्राम ककुआ के नगला इमली में समाजसेवी किसान विजय सिंह द्वारा ग्रामीण बच्चों और ग्रामवासियों के समग्र विकास व स्वास्थ्य के लिए समर्पित खेत की भूमि पर निर्माणाधीन स्प्रिचुअल रिट्रीट (आश्रम) परिसर में ग्रामीण बाल शिविर आयोजित किया गया।
‘आपका प्रयास, आपका विकास’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस शिविर में विविध गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को समग्र विकास का स्वर्णिम अवसर मिला। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॊ. मंजू भदौरिया ने विशिष्ट अतिथि विधायक भगवान सिंह कुशवाह की पत्नी अनीता कुशवाह और पुडुचेरी से पधारीं कीर्ति अधिकारी के साथ महर्षि अरविंदो और श्री मां के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
मुख्य अतिथि डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए यह शिविर अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्प्रिचुअल रिट्रीट के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के बच्चों को निरंतर विकास के अवसर मिलेंगे, उनकी प्रतिभा को पंख लगेंगे और यहां आयोजित स्वास्थ्य शिविरों से ग्रामवासियों को भी व्यापक लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर श्री अरविंद सोसायटी आगरा शाखा के अध्यक्ष आलोक कुलश्रेष्ठ, सचिव डॉ. सुनीता गर्ग, उपाध्यक्ष डॉ. योगिता शर्मा सहित विजय सिंह, सचिन गोयल, सुषमा अग्रवाल, कविता कुलश्रेष्ठ, पूजा भार्गव, जाग्रति अग्रवाल, डॉ. मोहित गुप्ता, बुशरा और पूजा प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन सचिन गोयल ने किया।