इंस्टाग्राम से छत तक पीछा, फिर बदनाम करने को फोटो वायरल कर दिए, आगरा में नाबालिग छात्रा का जीना हराम करने वाले युवक, उसके भाई और माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आगरा। सिकंदरा क्षेत्र में एक नामी विद्यालय की कक्षा 11 की नाबालिग छात्रा को लगातार परेशान करने, घर की छत पर चढ़ने और बाद में उसकी फोटो वायरल कर बदनाम करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर थाना सिकंदरा में आरोपी युवक, उसके भाई और माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद से बोर्ड परीक्षा दे रही छात्रा और उसका परिवार दहशत में है।

Mar 15, 2026 - 12:29
 0
इंस्टाग्राम से छत तक पीछा, फिर बदनाम करने को फोटो वायरल कर दिए, आगरा में नाबालिग छात्रा का जीना हराम करने वाले युवक, उसके भाई और माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज

छत पर चढ़कर बाथरूम में छिपा मिला आरोपी

परिजनों के अनुसार 9 मार्च को आरोपी मंयक पुत्र केशव निवासी गांव अटूस अचानक घर की छत पर चढ़ आया। परिवार को आहट होने पर तलाश की गई तो वह छत पर बने बाथरूम में छिपा मिला। घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर थाने ले गई। उस समय पुलिस ने शांति भंग की आशंका में आरोपी का धारा 151 के तहत चालान कर दिया था।

जमानत पर छूटते ही फोटो वायरल करने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने बदला लेने की नीयत से नाबालिग छात्रा की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इससे छात्रा की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की गई।

एक साल से इंस्टाग्राम पर कर रहा था परेशान

परिवार के मुताबिक आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से इंस्टाग्राम के माध्यम से छात्रा को परेशान कर रहा था। बार-बार संदेश भेजना, रास्ते में पीछा करना और उठाकर ले जाने की धमकी देना उसकी आदत बन गई थी। कई बार समझाने के बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

भाई और माता-पिता पर भी सहयोग का आरोप

पीड़ित परिवार ने आरोपी के भाई भानु पर भी इस मामले में साथ देने का आरोप लगाया है। वहीं आरोपी की मां सीता देवी और पिता केशव सिंह पर भी बेटे को संरक्षण देने और मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।

बोर्ड परीक्षा के बीच दहशत में छात्रा

बताया जा रहा है कि पीड़िता कक्षा 11 की छात्रा है और इस समय उसकी बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे संवेदनशील समय में हुई इस घटना से छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान है और परिवार में भी भय का माहौल बना हुआ है।

रिटायर्ड इंस्पेक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

पीड़ित परिवार के मुखिया, जो कि सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर बताए जा रहे हैं, ने पूरे मामले की लिखित तहरीर थाना सिकंदरा में दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor