एमआरपी के नाम पर ‘लूट’ बंद हो, ग्राहक पंचायत ने केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन, जंतर-मंतर पर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का ऐलान

आगरा। बाजार में एमआरपी के नाम पर ग्राहकों से हो रही कथित खुली लूट के खिलाफ अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है। संगठन ने प्रत्येक वस्तु पर अधिकतम विक्रय मूल्य (एमआरपी) को नियंत्रित और तर्कसंगत बनाने की मांग उठाते हुए शुक्रवार को आगरा जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन दिवस अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान को दिया गया, जिसे प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और उद्योग मंत्री के मंत्रालय तक भेजने की मांग की गई।

May 8, 2026 - 18:12
 0
एमआरपी के नाम पर ‘लूट’ बंद हो, ग्राहक पंचायत ने केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन, जंतर-मंतर पर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का ऐलान
कलक्ट्रेट पर सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान को ज्ञापन देते ग्राहक पंचायत के अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल और अन्य।

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत आगरा इकाई के जिला अध्यक्ष एवं पार्षद मुरारी लाल गोयल ने कहा कि वर्तमान समय में उत्पादक कंपनियां विभिन्न उत्पादों पर मनमाने तरीके से एमआरपी छापकर ग्राहकों का आर्थिक शोषण कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल दवाइयों, शिक्षा सामग्री, कॉस्मेटिक उत्पादों और कन्फेक्शनरी वस्तुओं पर वास्तविक कीमत से 100 प्रतिशत, 200 प्रतिशत, यहां तक कि 1000 प्रतिशत तक अधिक एमआरपी अंकित की जा रही है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अस्पतालों और मेडिकल स्टोरों में उपयोग होने वाले ड्रिप सेट पर सामान्यतः 267 रुपये एमआरपी अंकित होती है, जबकि वही उत्पाद रिटेलर मात्र 70 रुपये में उपलब्ध करा देते हैं। इसी प्रकार 100 पेज की पाठ्य पुस्तक अभिभावकों को 350 रुपये तक में बेची जा रही है। संगठन का आरोप है कि एमआरपी व्यवस्था में पारदर्शिता और नियंत्रण के अभाव के कारण ग्राहक लगातार ठगे जा रहे हैं।

ग्राहक पंचायत ने मांग उठाई कि केंद्र सरकार इस संबंध में सख्त और प्रभावी कानून बनाए, ताकि एमआरपी को मानक, तर्कसंगत और युक्तिसंगत बनाया जा सके। संगठन का कहना है कि यदि एमआरपी निर्धारण पर ठोस नियंत्रण नहीं लगाया गया तो आम उपभोक्ता लगातार आर्थिक शोषण का शिकार होता रहेगा।

संगठन ने यह भी घोषणा की कि एमआरपी में कथित लूट के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत देशभर के जिलाधिकारियों के माध्यम से संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों तक ज्ञापन पहुंचाए जाएंगे। आंदोलन के अगले चरण में 25 मई 2026 को नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिला अध्यक्ष पार्षद मुरारी लाल गोयल, हरिओम गोयल, ब्रज प्रांत अध्यक्ष विष्णु कुमार अग्रवाल, प्रांत सचिव इन्द्र भूषण कुलश्रेष्ठ, प्रांत कोषाध्यक्ष अशोक बाबू गुप्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor