आगरा के इमलावदा में एक ही रात में दस किसानों की समरसेबल केबल चोरी, सिंचाई व्यवस्था ठप, ग्रामीणों में भारी रोष

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी। थाना क्षेत्र के गांव इमलावदा में समरसेबल की केबल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से किसानों में भारी आक्रोश है। गांव के करीब दस किसानों के खेतों में लगी समरसेबलों की केबल चोरी होने से सिंचाई व्यवस्था ठप हो गई है। पीड़ित किसानों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jun 23, 2026 - 20:02
 0
आगरा के इमलावदा में एक ही रात में दस किसानों की समरसेबल केबल चोरी, सिंचाई व्यवस्था ठप, ग्रामीणों में भारी रोष

गांव इमलावदा निवासी धर्मेंद्र पुत्र रमेश चंद्र ने थाना फतेहपुर सीकरी में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 19/20 जून की रात उनके खेत में लगी समरसेबल की केबल चोरी हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में लगातार समरसेबल की केबल चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

धर्मेंद्र ने अपनी तहरीर में बताया कि उनके अलावा गांव के संतोष उपाध्याय, दयाशंकर, मुकेश कुमार, वीरेंद्र सिंह, प्रेमचंद, हरिराम, डालचंद, धर्म सिंह और धर्मवीर की समरसेबलों की केबल भी चोरी हुई हैं। लगातार हो रही चोरियों के कारण किसानों की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है और खेती का कार्य बाधित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में समरसेबल की केबल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है। इससे किसानों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी कर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor