आगरा में गरजे सुधांशु त्रिवेदी:राम के नाम पर भ्रष्टाचार करने वाला न राजदंड से बचेगा, न धर्मदंड से

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने आगरा प्रवास के दौरान प्रेस वार्ता और कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितता के मामले में कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही विपक्ष पर राम मंदिर, सनातन और राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Jul 1, 2026 - 22:18
 0
आगरा में गरजे सुधांशु त्रिवेदी:राम के नाम पर भ्रष्टाचार करने वाला न राजदंड से बचेगा, न धर्मदंड से
प्रतापपुरा स्थित द रमाना ग्रैंड में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, राम मंदिर, अर्थव्यवस्था, धारा 370 और विपक्ष पर साधा निशाना

आगरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को आगरा में आयोजित प्रेस वार्ता और कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान भाजपा की विचारधारा, केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्रवाद, स्वदेशी, स्वावलंबन और अखंड भारत का विचार आज भी देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है और भारतीय जनता पार्टी इन्हीं मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में जनजागरण अभियान चला रही है।

राम मंदिर मामले में दोषियों को नहीं मिलेगी कोई राहत

प्रेस वार्ता में अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी और अनियमितता के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि यह विषय हर रामभक्त की आस्था से जुड़ा है और उन्हें भी व्यक्तिगत रूप से इस घटना ने आहत किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा, लेकिन यदि कोई व्यक्ति भगवान श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार या अनियमितता का दोषी पाया जाता है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि "राम का नाम लेने से पाप कटते हैं, लेकिन यदि किसी ने राम के धाम और राम के नाम पर पाप किया है तो उसे न राजदंड से बचाया जाएगा और न ही धर्मदंड से।"

विपक्ष पर बोला हमला

डॉ. त्रिवेदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो राजनीतिक दल वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व और राम मंदिर पर सवाल उठाते रहे, वही आज रामभक्ति का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर भारतीय जनता पार्टी के लिए कभी चुनावी मुद्दा नहीं रहा, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक पहचान और पांच सौ वर्षों के संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की जनता जानती है कि किसने राम मंदिर आंदोलन का समर्थन किया और किसने इसका विरोध।

भारत की अर्थव्यवस्था को बताया मजबूत

देश की अर्थव्यवस्था पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) सहित कई वैश्विक संस्थाएं भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बता रही हैं। उन्होंने कहा कि गूगल, फॉक्सकॉन जैसी वैश्विक कंपनियां भारत में निवेश कर रही हैं और उत्तर प्रदेश भी अब निवेश तथा औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि जो प्रदेश कभी अपराध और अवैध हथियारों के लिए चर्चा में रहता था, आज वह रक्षा उत्पादन और औद्योगिक निवेश का बड़ा केंद्र बन चुका है।

2500 से अधिक कार्यकर्ताओं के बीच किया संबोधन

प्रेस वार्ता के बाद आगरा महानगर भाजपा द्वारा प्रतापपुरा स्थित द रमाना ग्रैंड में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंच पर राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जी.एस. धर्मेश सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

सम्मेलन में 2500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और अन्य नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, राष्ट्रभक्ति और बलिदान पर अपने विचार रखे।

'राष्ट्र प्रथम' का दिया मंत्र

करीब 55 मिनट के अपने संबोधन में डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कराया, काशी विश्वनाथ और महाकाल कॉरिडोर का विकास किया तथा जल्द ही मथुरा-वृंदावन में भी बड़े विकास कार्य शुरू होंगे। सम्मेलन में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला, युवा और विभिन्न मोर्चों के 2500 से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इनकी रही उपस्थिति 

कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया, शिव शंकर शर्मा,गामा प्रसाद दुबे, टी एन अग्रवाल,नवल तिवारी,अशोक पिप्पल,निर्मला दीक्षित,अरुण पाराशर हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा,नीतेश शिवहरे,वैभव जैन,मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल,राजू परमार,अंकित शर्मा,माधुरी माहोर,डॉक्टर निधि शर्मा,नंदी महाजन,दीपू जादोन,मनमोहन कुशवाह, मनवीर चौहान,राहुल सागर,दीपक ढल,अनिल सारस्वत,नेहा गुप्ता,अंजू गर्ग, विक्रांत तिवारी, के के सिकरवार,बंटी धाकड़, शेलू पंडित, ललित शर्मा,हिमांशु ठाकुर,श्याम राव,दीपिका मित्तल,कुशल गोयल,आदित्य अग्रवाल,बबीता पाठक,सीमा सिंघल,संध्या माहोर,सहित मंडलो, मोर्चों की महिलाएं, युवा एवं पुरुष  कार्यकर्ता उपस्थित रहे।