चौकों-छक्कों की गूंज में सुल्तानपुरा क्लब का राज, महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत रंगों संग मनाया विजय उत्सव

होली के रंग, ढोल की थाप और क्रिकेट के रोमांच के बीच अग्रवाल युवा संगठन द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन खेल भावना, जोश और उल्लास के साथ हुआ। दयालबाग स्थित स्पोर्ट्स विजार्ड क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में सुल्तानपुरा क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खंदारी टाइगर को हराकर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की।

Mar 2, 2026 - 19:17
 0
चौकों-छक्कों की गूंज में सुल्तानपुरा क्लब का राज, महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत रंगों संग मनाया विजय उत्सव
दयालबाग स्थित स्पोर्ट्स विजार्ड क्रिकेट ग्राउंड में अग्रवाल युवा संगठन द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट में सुल्तानपुरा टीम को चैंपियन ट्रॉफी प्रदान करते उप्र लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग एवं सुरेश चंद्र गर्ग।

आगरा। दयालबाग स्थित स्पोर्ट्स विजार्ड क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित इस टूर्नामेंट ने पूरे शहर में क्रिकेट का उत्साह भर दिया। सोमवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में महानगर टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 107 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुल्तानपुरा टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 10 ओवर में एक विकेट खोकर 109 रन बनाते हुए फाइनल में जगह पक्की की।

फाइनल मुकाबला खंदारी टाइगर और सुल्तानपुरा क्लब के बीच खेला गया। खंदारी टाइगर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाए। जवाब में सुल्तानपुरा क्लब की टीम ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 14.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 131 रन बना लिए और टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। फाइनल मैच में निर्णायक प्रदर्शन के लिए प्रशांत मित्तल को “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया।

पूरे टूर्नामेंट में कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीता। विभिन्न मुकाबलों में पियूष, तनिष्क, दीप, रचित, तुषार अग्रवाल और प्रशांत मित्तल मैन ऑफ द मैच रहे। सुल्तानपुरा टीम के रचित को उनके निरंतर शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। खंदारी टीम के तनिष्क को बेस्ट बैट्समैन और शिवा को बेस्ट बॉलर चुना गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि राकेश गर्ग, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष, सुरेश चंद्र गर्ग एवं संगठन के संस्थापक विनोद अग्रवाल ने विजेता सुल्तानपुरा टीम को चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर राकेश गर्ग ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सकारात्मक सोच विकसित करता है तथा ऐसे आयोजन समाज में एकता और सौहार्द का संदेश देते हैं।

मैच समाप्ति के बाद मैदान पर ही होली के रंगों के साथ खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने ढोल की थाप पर जीत का जश्न मनाया, जिससे पूरा वातावरण उल्लास और उमंग से भर गया। संगठन अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने जानकारी दी कि खेल आयोजन के बाद सेवा संकल्प के तहत 23 मार्ग विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन भी अग्रवाल युवा संगठन द्वारा किया जाएगा।

इस अवसर पर महामंत्री अंकित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, संयोजक अंशुल बंसल, मयंक अग्रवाल, विकास बंसल, मयंक गर्ग, मोहित अग्रवाल, प्रदीप गोयल, कुणाल अग्रवाल सहित समन्वय समिति के विभु सिंघल, दीपक अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, संदीप गोयल और रमाशंकर अग्रवाल मौजूद रहे।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor