यमुना पार क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष के बेटे की संदिग्ध मौत, सड़क किनारे मिला शव,हत्या की आशंका
आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के इंदिरा ज्योति नगर में यमुना पार क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष विनोद परमार के 21 वर्षीय बेटे आकाश परमार का शव संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब यमुना पार क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष विनोद परमार के बेटे आकाश परमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक की उम्र करीब 21 वर्ष बताई जा रही है। घटना इंदिरा ज्योति नगर क्षेत्र की है, जहां सुबह स्थानीय लोगों ने युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना ट्रांस यमुना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान आकाश परमार पुत्र विनोद परमार के रूप में हुई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समाज के लोग भी जुट गए।
परिजनों ने आकाश की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि आकाश की किसी से रंजिश नहीं थी और जिस हालात में शव मिला है, उससे मामला सामान्य नहीं लग रहा। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें। शुरुआती जांच में पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
थाना ट्रांस यमुना पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं।