भक्ति में डूबी ताजनगरी: रामकथा की भावुकता और श्याम संकीर्तन की सुरलहरियों ने बांधा समां

आगरा। ताजनगरी इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के रंग में सराबोर नजर आ रही है। एक ओर जहां श्रीराम कथा में राम-भरत मिलन और दशरथ वियोग जैसे मार्मिक प्रसंगों ने श्रद्धालुओं की आंखें नम कर दीं, वहीं दूसरी ओर श्याम संकीर्तन महोत्सव में भजनों की मधुर लहरियों और अखंड ज्योति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दोनों आयोजनों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने आस्था की गहराई और सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंतता को फिर से स्थापित किया।

Mar 18, 2026 - 22:31
 0
भक्ति में डूबी ताजनगरी: रामकथा की भावुकता और श्याम संकीर्तन की सुरलहरियों ने बांधा समां
गणेश दुर्गा महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में लंगड़े की चौकी, शास्त्री नगर में चल रहे श्री राम कथा महायज्ञ में प्रसंग कहते कथा व्यास भरत उपाध्याय।

लंगड़े की चौकी, शास्त्री नगर स्थित श्री हनुमंत धाम में गणेश दुर्गा महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में चल रही 10 दिवसीय श्रीराम कथा के आठवें दिवस कथा व्यास भरत उपाध्याय ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के चित्रकूट धाम आगमन, राजा दशरथ के पुत्र वियोग में देह त्याग तथा राम-भरत मिलन के अत्यंत भावुक प्रसंगों का वर्णन किया। उनके मार्मिक शब्दों ने कथा पंडाल में बैठे श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कथा के दौरान उन्होंने चित्रकूट धाम को भक्ति, तप और त्याग की पवित्र भूमि बताते हुए कहा कि यह स्थान सदियों से आस्था का केंद्र बना हुआ है। दशरथ वियोग का वर्णन करते हुए उन्होंने पिता-पुत्र के अटूट प्रेम को उजागर किया और कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद ही संतान की सबसे बड़ी पूंजी है।

भरत मिलाप के प्रसंग में भाई-भाई के आदर्श प्रेम, त्याग और कर्तव्य की भावना को दर्शाते हुए बताया गया कि भरत ने राजसिंहासन त्यागकर श्रीराम की खड़ाऊं को ही अयोध्या का शासक माना। इस प्रसंग ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गहराई से प्रभावित किया और पूरा पंडाल राम नाम के जयकारों से गूंज उठा।

महंत गोपी गुरु, पार्षद मुरारी लाल गोयल, गप्पू शर्मा, आकाश शर्मा, लालू जादौन, राजदीप ग्रोवर, पुष्कल गुप्ता, विनीता सिंह, रेखा शर्मा, जय मित्तल, राधा भारद्वाज, सोनी सिंह, हरिओम दीक्षित, उमा उपाध्याय आदि ने आरती उतारी।

श्री श्याम संकीर्तन में झूमे भक्तगण

श्री श्याम भक्त मंडल समिति के स्थापना दिवस पर आयोजित श्री श्याम संकीर्तन की एक झलक।

शाहगंज स्थित ताज मैरिज कॉम्प्लेक्स में श्री श्याम भक्त मण्डल समिति द्वारा पांचवें स्थापना दिवस पर आयोजित श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव ने भक्ति का भव्य दृश्य प्रस्तुत किया। खाटू श्याम बाबा के अलौकिक श्रृंगार और अखंड ज्योति के बीच हजारों श्रद्धालु भजनों की स्वर लहरियों पर झूमते नजर आए।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक अध्यक्ष कुंवर ब्रजराज सिकरवार, सचिव दीपक गोयल, कोषाध्यक्ष लव सिंघल और उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप उप्रैती ने बाबा के समक्ष अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया। कोलकाता से आए मुख्य भजन गायक निहाल ठाकरान ने अपने भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनके साथ मीनाक्षी शर्मा, त्रिलोकी शर्मा, विकास वर्मा और रितिक ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

नयी दिल्ली से लाए गए फूलों—रजनीगंधा, ऑर्चिड, बेला, चमेली, गेंदा और गुलाब से सजे श्याम दरबार ने सभी का मन मोह लिया। कन्नौज के इत्रों की सुगंध ने पूरे परिसर को महका दिया। अंत में महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें विनोद अग्रवाल, गिर्जेश परिहार, मोहित भारद्वाज, राहुल शर्मा, नरेंद्र प्रजापति, देवेंद्र बंसल, बसंत गुप्ता, संजय यादव, राहुल बंसल, विकास शर्मा, ब्रज शर्मा, विश्वास परमार, रोहित शर्मा, मोन्टी सोनी, अजय सिकरवार, कुलदीप सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor