फोन पर प्रेमी से बात करना पड़ा भारी, बरेली में ‘इज्जत’ के नाम पर बेटी क्रांति की गला दबाकर हत्या, पिता और दो भाई पुलिस हिरासत में
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरसेर गांव में ऑनर किलिंग की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां परिवार की कथित ‘इज्जत’ बचाने के नाम पर 18 वर्षीय युवती क्रांति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवती का कसूर सिर्फ इतना था कि वह अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला सिरौली थाना क्षेत्र के बरसेर गांव का है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद मृतका के पिता और दो भाइयों को हिरासत में ले लिया है।
रात भर पूछताछ और मारपीट के बाद मौत
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार शाम 18 वर्षीय क्रांति किसी से मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान परिवार के लोगों ने उसे देख लिया। आरोप है कि रात में पिता और भाइयों ने उससे पूछताछ शुरू की, जो धीरे-धीरे हिंसा में बदल गई।
बताया जा रहा है कि गुस्से में परिवार वालों ने क्रांति को बेरहमी से पीटा और बाद में उसका गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए मंगलवार सुबह परिजनों ने पड़ोसियों को बताया कि युवती की मौत उल्टी-दस्त के कारण हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली हत्या की परतें
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण थ्रोटलिंग यानी गला दबाना सामने आया। रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि युवती के गले और दोनों हाथों पर चोट के गंभीर निशान थे।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि मृतका के चाचा की तहरीर पर पिता महेंद्र कश्यप और दोनों भाई आकाश तथा अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीण की सूचना से खुला मामला
ग्रामीण विनोद कुमार को जब युवती की मौत की जानकारी मिली तो उन्हें मामला संदिग्ध लगा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला खुल गया।
हाथ पर लिखे ‘एके’ को लेकर चर्चा
घटना के बाद गांव में इस बात की भी चर्चा रही कि क्रांति के एक हाथ पर ‘एके’ और दूसरे हाथ पर उसका नाम लिखा हुआ था। इसे लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि पुलिस फिलहाल हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ऑनर किलिंग पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसी मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोबाइल पर बातचीत को परिवार की ‘इज्जत’ से जोड़कर बेटी की हत्या कर देने की इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।