हरारे में टीम इंडिया के सामने होगी चुनौती, फूंक-फूंक कर रखना होगा कदम, टी20 का पहला मैच कल
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई गुरुवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। टीम इंडिया का रिकॉर्ड इस मैदान पर अच्छा है लेकिन बल्लेबाजों के सामने चुनौती है।
हरारे। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला कल (23 जुलाई गुरुवार को) हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैदान पर अच्छा रिकॉर्ड रखती है, लेकिन यहां की पिच आउट ऑफ फॉर्म भारतीय बल्लेबाजी को टेस्ट करती हुई नजर आ सकती है। ऐसे में युवा टीम इंडिया की असली परीक्षा होगी। आयरलैंड और इंग्लैंड से हार के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम को एक-एक कदम फूंक-फूंक कर रखना होगा।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टीम इंडिया का टी20 रिकॉर्ड शानदार रहा है। भारत ने इस मैदान पर अब तक जिम्बाब्वे के खिलाफ 11 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से 7 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि 4 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। खास बात यह है कि जुलाई 2024 के जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम ने इसी मैदान पर एक मैच 100 रन और दूसरा मुकाबला 10 विकेट से जीतकर अपनी ताकत दिखाई थी।
आयरलैंड और इंग्लैंड में भारतीय बल्लेबाजों को दिक्कत का सामना करना पड़ा था। अतिरिक्त उछाल और पेस के आगे टीम इंडिया बेबस नजर आई थी। लगभग ऐसी ही चुनौती जिम्बाब्वे के खिलाफ भी आ सकती है। ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड एनगारवा लंबे कद के गेंदबाज हैं, जिनसे भारतीय बल्लेबाजी क्रम को खतरा हो सकता है। अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा पर खासी जिम्मेदारी होगी।
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस, क्लाइव मैडेंडे (विकेटकीपर), टिनोटेंडा मापोसा, तादिवानाशे मारुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी, मिल्टन शुंबा।