रिश्वत लेते ही धरा तहसील का अमीन: बरेली एंटी करप्शन टीम ने 5 हजार रुपये के साथ किया गिरफ्तार

बरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील सदर में तैनात संग्रह अमीन जोरावर सिंह को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Jun 18, 2026 - 18:46
 0
रिश्वत लेते ही धरा तहसील का अमीन: बरेली एंटी करप्शन टीम ने 5 हजार रुपये के साथ किया गिरफ्तार
पकड़े गया अमीन जोरावर सिंह।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जोरावर सिंह (55 वर्ष) निवासी ग्राम अमलोनीपुर, थाना भुता, जनपद बरेली वर्तमान में तहसील सदर में संग्रह अमीन के पद पर तैनात है। उसे गुरुवार दोपहर करीब 2:45 बजे तहसील सदर की कैंटीन में 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

उन्होंने बताया कि सुरेश चंद्र, निवासी सम्राट अशोक नगर, नवादा जोगियां, थाना बारादरी, बरेली ने शिकायत की थी कि एनपीएस खाते से भूखंड क्रय के लिए धन निकासी संबंधी आवेदन पर रिपोर्ट लगाकर फाइल आगे बढ़ाने के एवज में संग्रह अमीन 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मामले का सत्यापन किया और नियमानुसार ट्रैप की कार्रवाई की। शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते ही टीम ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली, बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor