पुरुषोत्तम मास में कथा और मनोरथ उत्सवों से गूंजेंगे मंदिर, सनातन परंपरा का स्वरूप दिखेगा

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर शहर के मंदिरों में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का अनूठा संगम सजने जा रहा है। कहीं श्रीमद्भागवत कथा के अमृत से श्रद्धालु सराबोर होंगे तो कहीं ठाकुर जी के दरबार में महीने भर के प्रमुख उत्सवों का अद्भुत मनोरथ स्वरूप देखने को मिलेगा। शुक्रवार को शहर के दो प्रमुख धार्मिक आयोजनों के आमंत्रण पत्रों का विधिवत विमोचन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समिति पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

May 15, 2026 - 22:49
 0
पुरुषोत्तम मास में कथा और मनोरथ उत्सवों से गूंजेंगे मंदिर, सनातन परंपरा का स्वरूप दिखेगा
प्रताप नगर स्थित बुर्जीवाला मंदिर पर श्रीमद्भागवत कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते समिति पदाधिकारी।

श्री बुर्जीवाला मंदिर में बहेगी भागवत ज्ञान की गंगा

जयपुर हाउस प्रताप नगर स्थित श्री बुर्जीवाला मंदिर संचालन समिति द्वारा 18 से 25 मई तक भव्य सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कथा में वृंदावन धाम से पधार रहे आचार्य राजेश शास्त्री महाराज अपने श्रीमुख से भक्तों को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे।

शुक्रवार को कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन श्रद्धाभाव के साथ किया गया। मुख्य यजमान गौरव बंसल एवं निधि बंसल ने बताया कि कथा महोत्सव का शुभारंभ 18 मई को सुबह सात बजे जयपुर हाउस स्थित चिंताहरण मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। 551 महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर भक्ति और आस्था की अनुपम छटा बिखेरेंगी। यात्रा मार्ग में आठ स्थानों पर पुष्पवर्षा और भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शाम को श्री बुर्जीवाला मंदिर में कथा का शुभारंभ होगा। प्रतिदिन शाम चार बजे से सात बजे तक कथा आयोजित की जाएगी।

25 मई को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा। कथा स्थल पर प्रतिदिन आकर्षक झांकियां भी सजाई जाएंगी।

इस अवसर पर रंजीत सामा, ओम स्वरूप गर्ग, जेठा भाई, राजकुमार अग्रवाल, केशव अग्रवाल, निधि अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, राजेश जिंदल, जय कुमार, गोपाल अग्रवाल, शकुन बंसल, संदीप गोयल, ज्योति मोहन जिंदल, पियूष सिंघल, अलोक जैन, सुनील मित्तल, पूजा जिंदल एवं दीपक अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्री श्याम बिहारी जी के दरबार में सजेगा उत्सवों का संगम

नाई की मंडी स्थित श्री प्रेम निधि मंदिर में अधिक मास मनोरथ उत्सव के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी, सुनीत गोस्वामी, अमित शर्मा, साहिल, दीपक भाटी, अजय कुमार गोयल आदि।

नाई की मंडी स्थित श्री प्रेम निधि जी मंदिर में पुरुषोत्तम मास के दौरान 17 मई से 15 जून तक भव्य मनोरथ उत्सवों का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को मंदिर परिसर में आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया गया।

मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी के समक्ष वर्षभर के प्रमुख धार्मिक उत्सवों को मनोरथ स्वरूप मनाया जाएगा। प्रतिदिन मंदिर में अलग-अलग उत्सवों की झांकी सजाई जाएगी और पूरा परिसर आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहेगा।

सेवायत पंडित सुनीत गोस्वामी ने बताया कि सभी उत्सव प्रतिदिन शाम छह बजे से रात्रि दस बजे तक संपन्न होंगे तथा प्रतिदिन रात आठ बजे आरती होगी। श्रद्धालु विशेष फूल बंगला, अलौकिक श्रृंगार और उत्सव सेवा के दर्शन कर सकेंगे।

17 मई को अन्नकूट महोत्सव के साथ आयोजन का शुभारंभ होगा। इसके बाद रथ यात्रा, अक्षय तृतीया, दान उत्सव, सखी वेश दर्शन, जन्मोत्सव, नंदोत्सव, हरियाली तीज, राम नवमी, तुलसी विवाह, बसंत उत्सव, शरद पूर्णिमा, गंगा दशहरा, रक्षाबंधन, गोपाष्टमी, होली, राधाष्टमी, दशहरा, पवित्रा एकादशी, खिचड़ी उत्सव, शिव चौदस सहित अनेक मनोरथ उत्सव आयोजित किए जाएंगे। समापन दीपावली उत्सव के साथ होगा।

इस अवसर पर साहिल, दीपक भाटी, अजय कुमार गोयल, मोहित अग्रवाल, राजेश धाकड़, रानू पचौरी, सचिंद्र शर्मा, मनोज गुप्ता, अमित शर्मा, सोनू अग्रवाल एवं सागर शिवहरे मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor