आगरा में सबमर्सिबल फैक्ट्री में लाखों की चोरी का 15 घंटे में खुलासा, 5 शातिर चोर गिरफ्तार
आगरा के थाना एत्माद्दौला पुलिस ने सबमर्सिबल बनाने वाली फैक्ट्री में हुई लाखों रुपये की चोरी का महज 15 घंटे में खुलासा करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी समेत कई आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
आगरा। आगरा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एत्मादद्दौला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सबमर्सिबल बनाने वाली फैक्ट्री में हुई लाखों रुपये की चोरी का मात्र 15 घंटे में खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया कीमती सामान, एक अवैध .315 बोर तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
डीसीपी ने बताया कि 24 जून को फैक्ट्री संचालक ने थाना एत्मादद्दौला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 18 जून की रात अज्ञात बदमाश फैक्ट्री का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और सबमर्सिबल निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कीमती सामान चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली। इसके आधार पर 25 जून को पुलिस ने दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने कटरा बजीर खां क्षेत्र स्थित फैक्ट्री को निशाना बनाया था। चोरी के बाद पूरा सामान एक ऑटो में लादकर सुरक्षित ठिकाने पर पहुंचाया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना महेंद्र कुशवाह पहले से ही कई आपराधिक मामलों में नामजद है। उसके खिलाफ चोरी, गैंगस्टर और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्य भी पूर्व में कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और पुलिस के रिकॉर्ड में शातिर अपराधी के रूप में दर्ज हैं।
गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने जिले में और किन-किन स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है तथा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने महेंद्र पुत्र कैलाशी उर्फ छुल्ली, निवासी सीताराम नगर, आगरा, सुमित दिवाकर, निवासी थाना न्यू आगरा, जतिन उर्फ जुग्गू पुत्र मुकेश कुशवाह, निवासी कटरा बजीर खां, दीपक प्रजापति पुत्र होतिलाल, निवासी कटरा बजीर खां और ईशान उर्फ बाबा पुत्र चांद बाबा उर्फ चांद खां, निवासी कटरा बजीर खां, थाना एत्मादद्दौला को गिरफ्तार किया है।