दिन में मोबाइल को लेकर झगड़ा हुआ, पति के काम पर जाते ही फांसी पर लटक गई विवाहिता, आगरा के फतेहपुर सीकरी में गर्भवती अंजलि की मौत से सनसनी, एक साल पहले ही हुई थी शादी

-महावीर सिंह वर्मा- आगरा। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की रामकृष्ण कॉलोनी में गुरुवार दोपहर एक विवाहित महिला का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मृतका का दिन में ही पति से मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ था। पति काम पर चला गया था और घर में केवल एक बुजुर्ग महिला मौजूद थीं। मृतका की पहचान अंजलि पत्नी नरेश बंजारा के रूप में हुई है, जिसका विवाह करीब एक वर्ष पहले ही हुआ था।

Mar 12, 2026 - 22:39
Mar 12, 2026 - 22:45
 0
दिन में मोबाइल को लेकर झगड़ा हुआ, पति के काम पर जाते ही फांसी पर लटक गई विवाहिता, आगरा के फतेहपुर सीकरी में गर्भवती अंजलि की मौत से सनसनी, एक साल पहले ही हुई थी शादी
एक साल पहले शादी के मौके की फोटो, जिसमें अंजलि अपने पति के साथ दिखाई दे रही है।

फतेहपुर सीकरी की रामकृष्ण कॉलोनी में दोपहर तीन बजे मिली सूचना

गुरुवार 12 मार्च 2026 को लगभग दोपहर 3 बजे थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की रामकृष्ण कॉलोनी में एक विवाहित महिला के फांसी लगाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर और इंस्पेक्टर क्राइम अरविंद तोमर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस जब घर पहुंची तो महिला का शव फंदे से नीचे उतारकर कमरे में रखा हुआ मिला। मौके पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, केवल करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला घर में मौजूद थीं।

मोबाइल को लेकर हुआ था पति-पत्नी में विवाद

परिजनों के अनुसार मृतका अंजलि पत्नी नरेश बंजारा का दिन में अपने पति से मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ था।

बताया गया कि नरेश बंजारा मेहंदी आर्टिस्ट का काम करता है और अक्सर काम पर जाते समय मोबाइल अपने साथ ले जाता था। अंजलि मोबाइल अपने पास रखने की जिद करती थी, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच कई बार कहासुनी हो चुकी थी।

गुरुवार सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद नरेश गुस्से में अपना बैग लेकर काम पर निकल गया, हालांकि वह मोबाइल फोन पत्नी के पास ही छोड़ गया था।

परिवार के सदस्य गए थे विवाह समारोह में

मृतका के देवर अशोक ने बताया कि वह अपनी मां कमलेश के साथ शमशाबाद में एक विवाह समारोह में गया हुआ था। इसी दौरान घर से फोन पर सूचना मिली कि भाभी ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही दोनों तुरंत घर पहुंचे, जहां अंजलि को मृत अवस्था में पाया गया।

एक वर्ष पहले हुआ था विवाह

परिजनों के अनुसार अंजलि का विवाह करीब एक वर्ष पहले नरेश बंजारा के साथ हुआ था। अंजलि मूल रूप से नगला रूद्र, जिला फिरोजाबाद की रहने वाली थी। शादी के बाद से वह फतेहपुर सीकरी की रामकृष्ण कॉलोनी में अपने ससुराल में रह रही थी।

गर्भवती होने की भी चर्चा

आसपास की महिलाओं ने बताया कि अंजलि गर्भवती भी थी और पिछले कुछ समय से दर्द निवारक दवाएं ले रही थी। परिजनों के मुताबिक उसकी तबीयत और परेशानियों को लेकर घर वाले उसे कई बार बाबा और सिद्ध पुरुषों के पास भी लेकर गए थे, ताकि उसकी समस्या का समाधान हो सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर ने मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दे दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं से घटना की पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष के आने और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor