दिन में दी धमकी थी कि पार्क को तहस-नहस कर देंगे और रात में ऐसा कर भी दियाः पालीवाल पार्क में घुसे दर्जन भर से अधिक अराजक तत्वों ने मचाई तबाही, बेंच, पानी की टंकी, पाइप लाइनें, पंप का स्टार्टर आदि तोड़ डाले, आक्रामक हमलावरों के आगे सुरक्षा गार्ड बेबस हो गये थे
आगरा। शहर के प्रमुख पालीवाल पार्क में अराजक तत्वों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए जमकर तोड़फोड़ की। बीती रात दर्जन भर से अधिक युवकों (लगभग 15 से 20) ने ग्रिल फांदकर पार्क में प्रवेश किया और ईको क्लब, सहयोग वाटिका, योगा प्वाइंट सहित कई स्थानों पर भारी नुकसान पहुंचाया। घटना से पहले ही इन तत्वों द्वारा सुरक्षा गार्डों को पार्क तहस-नहस करने की धमकी दी गई थी, जो सच साबित हुई।
जानकारी के अनुसार, पीर कल्याणी क्षेत्र के तीन लड़के एक दिन पहले ही पार्क में आकांक्षा समिति द्वारा लगाये गये पौधों के क्षेत्र में लगे सुरक्षा खंभों को तोड़ रहे थे। सुरक्षा गार्ड ने रोका तो झगड़े पर आमाद हो गये। गार्ड की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को थाने ले गई, लेकिन इनके परिजनों के माफी मांगने पर चेतावनी देकर छोड़ दिया था। गार्ड का कहना है कि बाद में इन्हीं युवकों ने पार्क को तहस-नहस करने की धमकी दी थी।
बीती रात दर्जन भर से अधिक अराजक तत्व ग्रिल फांदकर पार्क में घुसे और जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने बेंचों को तोड़ डाला, पानी की टंकियों को क्षतिग्रस्त कर दिया, सिंचाई के लिए बिछाई गई पाइप लाइनों को उखाड़ दिया और यहां तक कि सबमर्सिबल पंप के स्टार्टर को तोड़ने के साथ ही बिजली की लाइनें भी उखाड़ फेंकीं।
घटना के समय पार्क में तैनात चार सुरक्षा गार्डों को तोड़फोड़ की भनक लग गई थी। गार्डों ने इन तत्वों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने गार्डों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे गार्ड पीछे हटने को मजबूर हो गये। हमलावरों की संख्या 15 से 20 होने के कारण वे उन्हें रोक नहीं सके। गार्डों को खुद पर हमले का डर था, इसलिए उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक पुलिस पहुंची, आरोपी फरार हो चुके थे।
सुबह करीब पांच बजे जब लोग टहलने के लिए पार्क पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। जगह-जगह टूटी बेंचें, बिखरी पाइप लाइनें और क्षतिग्रस्त टंकियां साफ तौर पर रात की तबाही की गवाही दे रही थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है।
यह पहली बार नहीं है जब पालीवाल पार्क को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले भी कई बार यहां तोड़फोड़ और नुकसान की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
तोड़फोड़ की इस घटना से आहत ईको क्लब आगरा के संचालक प्रदीप खंडेलवाल ने पालीवाल पार्क के इंस्पेक्टर शिव कुमार को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि अवांछनीय तत्वों ने ईको क्लब क्षेत्र में बेंचों को गिराकर तोड़ दिया है। उन्होंने आग्रह किया है कि इन टूटी बेंचों को यहां से हटा दिया जाए, क्योंकि इनके कारण गंदगी और पॉलीथिन इकट्ठा होती है और अराजक तत्वों द्वारा की जा रही बार-बार तोड़फोड़ के कारण अब इनकी मरम्मत कराना संभव नहीं है।
पालीवाल पार्क के इंसपेक्टर शिव कुमार ने बताया कि कल रात की घटना के बारे में सुरक्षा गार्डों ने उसी समय पुलिस को सूचना दे दी थी। अब वे इस घटना के बारे में अपने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार अग्रिम कार्यवाही करेंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन सवाल यही है कि आखिर कब तक अराजक तत्व इस तरह खुलेआम सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते रहेंगे।