ऑटो में बैठाकर करते थे लूट,चाकू के दम पर छीनते थे नकदी-मोबाइल,गैंग के 3 बदमाश दबोचे

आगरा के थाना हरीपर्वत पुलिस ने ऑटो में सवारी बैठाकर लूटपाट करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त ऑटो और एक चाकू बरामद हुआ है। गिरोह का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Jul 4, 2026 - 19:42
 0
ऑटो में बैठाकर करते थे लूट,चाकू के दम पर छीनते थे नकदी-मोबाइल,गैंग के 3 बदमाश दबोचे
पुलिस की गिरफ्त में गैंग के सदस्य।

आगरा। थाना हरीपर्वत पुलिस ने ऑटो में सवारी बैठाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार दोपहर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से 7,080 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त ऑटो और एक चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को एक पीड़ित ने थाना हरीपर्वत में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 25 जून 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ अस्पताल से लौट रहा था। रास्ते में दोनों एक ऑटो में सवार हुए, जिसमें पहले से दो-तीन लोग बैठे हुए थे। कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपियों ने उनसे 17 हजार रुपये लूट लिए और सुल्तानगंज पुलिया के पास उतारकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार रात कार्रवाई करते हुए गोल्ड मोहल्ला फैक्ट्री नाला, महादेव फ्रेंड्स के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरमान उर्फ अड्डा, शानू पुत्र शहीद खां और करन दिवाकर के रूप में हुई है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने फरार साथी अल्ताफ निवासी रामगढ़, फिरोजाबाद के साथ मिलकर शहर के विभिन्न इलाकों में सीधे-सादे लोगों को ऑटो में बैठाते थे। सुनसान स्थान पर पहुंचते ही यात्रियों से नकदी और मोबाइल फोन छीन लेते थे। विरोध करने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि लूटे गए मोबाइल फोन राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे, जबकि नकदी आपस में बांट लेते थे।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य अल्ताफ अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।