छत का टट्टर हटाकर घर में घुसा चोर: फतेहपुर सीकरी में बंद मकान से लाखों के आभूषण और नकदी पार, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

फतेहपुर सीकरी (आगरा)। कस्बा फतेहपुर सीकरी के मोहल्ला नगला मालियान में बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर ने लाखों रुपये के आभूषण और हजारों की नकदी चोरी कर ली। चोर ने घर की छत का टट्टर उखाड़कर भीतर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगालने के बाद वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित की तहरीर पर सीकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Mar 7, 2026 - 11:46
 0
छत का टट्टर हटाकर घर में घुसा चोर: फतेहपुर सीकरी में बंद मकान से लाखों के आभूषण और नकदी पार, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
सीसीटीवी में कैद चोर, जो छत पर लगा टट्टर उखाड़ रहा है।

पैतृक गांव गया था परिवार, लौटे तो उड़ गए होश

जानकारी के अनुसार नगला मालियान निवासी रविन्द्र कुमार पुत्र निहाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 मार्च को वह अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव श्यामो चले गए थे। उस दौरान घर पर ताला लगा हुआ था। जब परिवार वापस लौटा तो घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी और कमरे अस्त-व्यस्त देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि घर से दो सोने की जंजीर, पांच अंगूठियां, एक जोड़ी पायल और करीब 20 हजार रुपये नकद गायब हैं।

पीड़ित परिवार ने जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति छत का जंगला काटकर घर के अंदर घुसता हुआ दिखाई दिया। फुटेज में वह घर के कमरों में घूमते और सामान खंगालते हुए नजर आ रहा है।

पुलिस जुटी आरोपी की तलाश में

घटना की जानकारी मिलते ही सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। कस्बे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल भी देखने को मिल रहा है।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor