फतेहपुर सीकरी में छत के रास्ते घर में घुसे चोर, 53 हजार की नकदी और चांदी के आभूषण ले गए

आगरा के फतेहपुर सीकरी कस्बे में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए छत के रास्ते घर में प्रवेश कर हजारों रुपये की नकदी और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार के बच्चे घर में सो रहे थे, जबकि गृहस्वामी बाहर गए हुए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jun 17, 2026 - 19:17
 0
फतेहपुर सीकरी में छत के रास्ते घर में घुसे चोर, 53 हजार की नकदी और चांदी के आभूषण ले गए

-महावीर सिंह वर्मा-

आगरा। फतेहपुर सीकरी कस्बा क्षेत्र के ऊपर पहाड़ स्थित मोहल्ला पीर जी के चौक में बीती रात चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक मकान में घुसकर 53 हजार रुपये की नकदी और करीब 30 तोला चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पीड़ित फारूक अली पुत्र माशूक अली ने थाना फतेहपुर सीकरी में दी गई तहरीर में बताया कि वह निजी कार्य से व्यवसाय के सिलसिले में कस्बे से बाहर गए हुए थे। घर पर उनके बच्चे मौजूद थे, जो रात में गहरी नींद में सो रहे थे।

आरोप है कि देर रात अज्ञात चोर मकान की छत के रास्ते घर में घुस आए। इसके बाद सीढ़ियों से नीचे उतरकर कमरे तक पहुंचे और वहां रखे संदूक का ताला खोलकर उसमें रखे लगभग 53 हजार रुपये नकद तथा करीब 30 तोला चांदी के आभूषण समेट ले गए।

सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने तत्काल थाना फतेहपुर सीकरी पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor