बरेली के तिलमास गांव में तीन मासूमों की पानी में डूबने से मौत, तालाब में उतराते मिले शव
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तिलमास गांव के बाहर स्थित तालाब में तीन मासूम किशोरों के शव तैरते मिलने से सनसनी फैल गई। एक साथ तीन बच्चों की मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
-आरके सिंह-
बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र के तिलमास गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के बाहर स्थित एक तालाब में तीन बच्चों के शव पानी में उतराते हुए मिले, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान त्रिवेंद्र (10 वर्ष) पुत्र चरण सिंह यादव, आयुष (9 वर्ष) पुत्र जियालाल कश्यप और अंश (8 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र पाल गंगवार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच तीनों बच्चे गांव के तालाब में नहाने गए थे। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन चिंतित हुए। इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने तालाब के पास से गुजरते समय पानी में तैरते शव देखे, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी मीरगंज संजय तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया तीनों बच्चों की मौत तालाब में डूबने से हुई है, हालांकि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। एक साथ तीन मासूमों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।