नवज्योति के बाल संस्कार शिविर में तीन दिन तक चला व्यक्तित्व विकास, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्रप्रेम का अभियान, प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र व उपहार देकर किया सम्मानित

आगरा। भारत विकास परिषद् 'नवज्योति' शाखा द्वारा दयालबाग स्थित एक पहल पाठशाला में आयोजित तीन दिवसीय बाल संस्कार शिविर का समापन उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुआ। शिविर में करीब 250 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। तीन दिनों तक चले इस शिविर में बच्चों, युवाओं और महिलाओं को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया गया।

Jul 3, 2026 - 21:48
 0
नवज्योति के बाल संस्कार शिविर में तीन दिन तक चला व्यक्तित्व विकास, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्रप्रेम का अभियान, प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र व उपहार देकर किया सम्मानित
दयालबाग स्थित एक पहल पाठशाला में भारत विकास परिषद 'नवज्योति' द्वारा आयोजित बाल संस्कार शिविर के समापन समारोह में प्रतिभागी बच्चों के साथ उपस्थित पदाधिकारी एवं अतिथि।

शिविर में विभिन्न विषयों पर आयोजित सत्रों में विशेषज्ञों ने बच्चों और महिलाओं को जीवनोपयोगी जानकारियां दीं। डॉ. जूही अमित सिंघल ने बालिकाओं को सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर की समय पर पहचान, उससे बचाव के उपाय तथा एनीमिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार और समय पर जागरूकता से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है।

निधि अग्रवाल ने परिवार प्रबोधन विषय पर बच्चियों को परिवार में संस्कार, संवाद, सम्मान और जिम्मेदारियों का महत्व समझाया। सान्या गुप्ता ने बच्चों को नृत्य प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य किया, जबकि अविका जैन ने साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय सचिव (एनसीआर-1) प्रमोद सिंघल तथा ब्रज प्रांत की महिला संयोजिका दीपा गर्ग रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्थापक प्रदीप, नीता अग्रवाल और संजीव शशि अग्रवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि ऐसे संस्कार शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

शाखा अध्यक्ष सीए दीपिका अग्रवाल, सचिव नितिन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल और महिला संयोजिका मंजू रजनीश गुप्ता ने कहा कि शिविर का उद्देश्य बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्रप्रेम का विकास करना था।

आयोजन में उपाध्यक्ष संजय रौनक गुप्ता, अनुराग सोनल भटनागर, नीरज नीलू जैन, मोहित सोनिया अग्रवाल तथा शेखर शिल्पी अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। शिविर के संयोजक दीपक भावना भार्गव, अमित डिंपल गोयल, कपिल सोनिया गर्ग, मनीष अनुपमा गुप्ता, सुमित मनीषा गोयल, सुमित ऋचा सिंघल, संचित रूपाली मित्तल, हिमांशु गर्ग, आकाश तन्वी जैन एवं सीए राहुल पारुल सिंघल ने तीनों दिनों की गतिविधियों का संचालन किया।

समापन समारोह में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor