आकाशीय बिजली से तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, सांसद ने परिजनों से मिल जताया शोक

बाह क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 38 वर्षीय महेश की मौत हो गई। सांसद राजकुमार चाहर ने गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और 5 लाख रुपये की सहायता, राशन व आवास की व्यवस्था जल्द कराने के निर्देश दिए।

Apr 30, 2026 - 17:39
 0
आकाशीय बिजली से तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, सांसद ने परिजनों से मिल जताया शोक
मृतक के परिजनों से मिलते सांसद राजकुमार चाहर।

आगरा। गुरुवार को बाह क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। गांव धोबई निवासी 38 वर्षीय महेश पुत्र रामस्वरूप की गांव राजारामपुरा में आकाशीय बिजली गिरने से अचानक मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय सांसद राजकुमार चाहर तत्काल मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

मृतक महेश अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार में 10 वर्षीय बड़ा बेटा, 6 वर्षीय छोटा बेटा और महज 3 साल की मासूम बेटी है। कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

सांसद राजकुमार चाहर ने मौके पर ही उपजिलाधिकारी संतोष शुक्ला के साथ स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा निर्धारित 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाए।

इसके साथ ही सांसद ने परिवार की दयनीय स्थिति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल राशन उपलब्ध कराने और कच्चे मकान के स्थान पर सरकारी आवास योजना के तहत पक्का घर दिलाने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला मंत्री भाजपा सतेंद्र बरुआ, जिला पंचायत सदस्य चौधरी कृष्णपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष रवींद्र बघेल, सतेंद्र यादव, बीपी प्रधान, सोनू सैंथिया, अमित ओझा, भवनीश मझवार, मुलायम सिंह बघेल, योगेंद्र शर्मा, सोमवीर प्रधान सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने की मांग की है।