पिज़्ज़ा कार्ट से परिवार चलाने वाली महिला समेत तीन को महिला दिवस पर मिला सम्मान
आगरा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर समाज में संघर्ष, आत्मनिर्भरता और प्रेरणा की मिसाल बनी तीन मातृशक्तियों का सम्मान कर उन्हें नई पहचान दी गई। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से बल्केश्वर स्थित संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय में आयोजित समारोह में शिक्षा, सामाजिक नेतृत्व और आत्मनिर्भर उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज की महिला केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत धुरी बनकर उभर रही है।
समारोह में केंद्रीय हिंदी संगठन की पूर्व निदेशक डॉ. वीना अग्रवाल, राधाकृष्ण सनातन इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रचना पांडेय तथा कारगिल क्षेत्र में पिज़्ज़ा की कार्ट लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाली संघर्षशील महिला विजेता अग्रवाल को सम्मानित किया गया। इन तीनों महिलाओं की संघर्षगाथा और उपलब्धियों को मंच से साझा किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक भी किया और प्रेरित भी।
महिलाओं के संघर्ष और आत्मनिर्भरता को मिला सम्मान
कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष वी.के. अग्रवाल और जिलाध्यक्ष पार्षद मुरारी लाल गोयल ने कहा कि महिला दिवस केवल एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि उन महिलाओं के संघर्ष और योगदान को पहचान देने का अवसर है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका निर्णायक है और उनके सम्मान से ही सशक्त समाज की नींव मजबूत होती है।
पिज़्ज़ा कार्ट से परिवार चलाने वाली महिला बनी प्रेरणा
कार्यक्रम संयोजक सुमन गोयल ने बताया कि विजेता अग्रवाल ने सीमित संसाधनों के बावजूद कारगिल क्षेत्र में पिज़्ज़ा की कार्ट लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण किया और आत्मनिर्भरता का उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके संघर्ष और हिम्मत की कहानी सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरण समाज को यह संदेश देते हैं कि मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर हर चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।
मुख्य वक्ता डॉ. वीना अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएँ शिक्षा, व्यापार, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएँ सशक्त होंगी तभी समाज और राष्ट्र का संतुलित विकास संभव होगा।
समारोह में सभी उपस्थित लोगों ने महिला सशक्तिकरण के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. मनिन्दर कौर, अंजु दियलानी, कुमकुम उपाध्याय, मीनाक्षी शर्मा, हरिओम गोयल, नीतू शर्मा, मनीषा भरतिया, संतेंद्र पाठक, केजी कुलश्रेष्ठ, विमला मेहता, रिया लालवानी और अपर्णा शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।