ताज के दीदार को बेताब दिखीं टिफनी ट्रंप, एयरपोर्ट से सीधे पहुंचीं प्रेम की निशानी तक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप शनिवार को अपने पति माइकल बॉऊलोस के साथ आगरा पहुंचीं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव करते हुए उन्होंने एयरपोर्ट से सीधे ताजमहल का रुख किया और करीब एक घंटे तक स्मारक का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ताजमहल के इतिहास, संगमरमर और नक्काशी के बारे में जानकारी ली तथा डायना बेंच पर तस्वीरें भी खिंचवाईं। ताज भ्रमण के बाद दोनों होटल अमर विलास पहुंचे, जहां से वे आगे जैसलमेर के लिए रवाना होंगे।
ताज की खूबसूरती पर फिदा हुईं ट्रंप की बेटी टिफनी, पति माइकल संग बिताए यादगार पल
आगरा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप शनिवार को अपने पति माइकल बॉऊलोस के साथ आगरा पहुंचीं। तय कार्यक्रम में अंतिम समय पर बदलाव करते हुए उन्होंने होटल जाने के बजाय सीधे ताज महल का रुख किया और करीब एक घंटे तक विश्व धरोहर स्मारक की भव्यता को करीब से निहारा।
सुबह करीब 11:30 बजे टिफनी ट्रंप का चार्टर्ड विमान खेरिया हवाई अड्डे पर उतरा। एयरपोर्ट से उनका काफिला सीधे ताजमहल परिसर पहुंचा। यहां गोल्फ कार्ट के माध्यम से वह स्मारक परिसर में दाखिल हुईं। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर मौजूद लोगों का अभिवादन किया। उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।
ताज की खूबसूरती ने किया प्रभावित
ताजमहल का दीदार करते हुए टिफनी ट्रंप इसकी वास्तुकला और बारीक कारीगरी से काफी प्रभावित नजर आईं। उन्होंने अधिकृत गाइड रमेश दीवान से ताजमहल के निर्माण और उसमें प्रयुक्त संगमरमर एवं कीमती पत्थरों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
टिफनी ने जिज्ञासा जताते हुए पूछा कि ताजमहल में लगे संगमरमर कहां से लाए गए थे और इतनी सुंदर नक्काशी कैसे की गई। गाइड ने बताया कि ताजमहल के निर्माण में इस्तेमाल हुआ संगमरमर भारत का ही है, जबकि जड़ाऊ नक्काशी में प्रयोग किए गए कई बहुमूल्य पत्थर भारत के अलावा अफ्रीका, यमन और अन्य देशों से मंगाए गए थे। यह जानकारी सुनकर टिफनी ने स्मारक की कलात्मकता की सराहना की।
डायना बेंच पर खिंचवाई यादगार तस्वीरें
ताजमहल भ्रमण के दौरान टिफनी और माइकल प्रसिद्ध डायना बेंच तक पहुंचे। यहां दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर कई तस्वीरें खिंचवाईं। उन्होंने अलग-अलग अंदाज में फोटोशूट कराया और अपने स्टाफ के साथ समूह तस्वीरें भी लीं। इस दौरान टिफनी नारंगी रंग की लंबी ड्रेस में नजर आईं, जबकि माइकल कैजुअल टी-शर्ट और ट्राउजर में दिखाई दिए। दोनों ने धूप से बचाव के लिए सनग्लासेस पहन रखे थे। पर्यटकों के बीच उनकी मौजूदगी आकर्षण का केंद्र बनी रही।
ताज से होटल, फिर जैसलमेर की तैयारी
ताजमहल भ्रमण के बाद टिफनी और माइकल आगरा के प्रतिष्ठित होटल द ओबराय अमर विलास पहुंचे। बताया जाता है कि उनके कमरे से ताजमहल का बेहद खूबसूरत और स्पष्ट दृश्य दिखाई देता है। होटल में लंच और कुछ समय विश्राम करने के बाद दोनों राजस्थान के जैसलमेर के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा पूरी तरह निजी बताया जा रहा है, लेकिन उनकी मौजूदगी ने आगरा में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच खास उत्सुकता पैदा कर दी।