नन्ही सांसों का कत्ल, डिब्बे में कैद कर नाले में बहा दी गई मासूम, इंसानियत हुई शर्मसार

आगरा के कोतवाली क्षेत्र में एक नवजात बच्ची का शव डिब्बे में भरकर नाले में फेंका गया मिला। शव का कुछ हिस्सा बाहर निकला होने के कारण कुत्ते उसे नोचते दिखे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

May 3, 2026 - 19:25
 0
नन्ही सांसों का कत्ल, डिब्बे में कैद कर नाले में बहा दी गई मासूम, इंसानियत हुई शर्मसार
नाले से नवजात के शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारियां करते पुलिसकर्मी।

आगरा। आगरा शहर से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां ममता को शर्मसार करते हुए एक नवजात बच्ची के शव को बेरहमी से नाले में फेंक दिया गया। मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के पथवारी मेन गेट का है।

रविवार को स्थानीय लोगों ने नाले में एक संदिग्ध डिब्बा देखा, जिसमें से नवजात का शव आंशिक रूप से बाहर निकला हुआ था। बताया जा रहा है कि शव को डिब्बे में बंद कर नाले में फेंका गया था, लेकिन फेंकने के दौरान बच्ची का आधा शरीर बाहर निकल आया। इसी बीच आवारा कुत्ते शव को नोचते हुए दिखाई दिए, जिससे मौके पर मौजूद लोगों का दिल दहल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस अमानवीय कृत्य को लेकर स्तब्ध नजर आया। लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा रही कि बच्ची को जीवित अवस्था में फेंका गया या उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि इस कृत्य को अंजाम देने वाले तक पहुंचा जा सके। इस घटना ने एक बार फिर समाज में गिरते मानवीय मूल्यों और संवेदनहीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।