लगातार तीसरी बार आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष चुने गये टीएन अग्रवाल, अशोक मंगनानी महामंत्री
आगरा। शहर के व्यापारिक जगत ने टीएन अग्रवाल को लगातार तीसरी बार आगरा व्यापार मंडल का अध्यक्ष चुन लिया है। सोमवार को रामलीला मैदान स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित तृतीय वार्षिक चुनाव एवं होली मिलन समारोह में 92 व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। वहीं अशोक मंगनानी दूसरी बार संगठन के महामंत्री निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम घोषित होते ही व्यापारियों में उत्साह का माहौल बन गया और 25 किलो फूलों की माला पहनाकर दोनों पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया।
तीन साल के कार्यकाल का रखा पूरा लेखा-जोखा
आमसभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल का विस्तृत ब्यौरा रखा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं को प्रशासन तक मजबूती से उठाना और सरकार के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखना संगठन की प्राथमिकता रही है।
आय-व्यय का ब्योरा और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने पिछले तीन वर्षों की आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि आगरा व्यापार मंडल ने उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के अधिवेशन से लेकर विशाल रक्तदान शिविर जैसे सामाजिक कार्यक्रमों तक सक्रिय भूमिका निभाई और शहर के व्यापारिक हितों को लगातार मजबूती दी।
सर्वसम्मति से हुआ चुनाव, व्यापारियों ने जताया भरोसा
चुनाव प्रक्रिया की देखरेख चुनाव अधिकारी भगवान दास बंसल और विष्णु दयाल बंसल ने की। महामंत्री पद के लिए जय पुरुषनानी ने प्रस्तावक के रूप में अशोक मंगनानी का नाम रखा, जिसका अनुमोदन महावीर मंगल ने किया।
वहीं अध्यक्ष पद के लिए राजीव गुप्ता ने टीएन अग्रवाल का नाम प्रस्तावित किया, जिसका अनुमोदन जयप्रकाश अग्रवाल ने किया।
दोनों पदों पर किसी अन्य नामांकन के न आने पर टीएन अग्रवाल को लगातार तीसरी बार अध्यक्ष और अशोक मंगनानी को दूसरी बार महामंत्री सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि टीएन अग्रवाल आगरा क्लॉथ मर्केंटाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।
होली मिलन समारोह में दिखा उत्साह
चुनाव के बाद आयोजित होली मिलन समारोह में व्यापारियों ने एक-दूसरे को चंदन लगाकर और पुष्प वर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं। माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया और व्यापारिक एकता की झलक दिखाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष टीएन अग्रवाल और महामंत्री अशोक मंगनानी को बधाई देते हुए कहा कि व्यापार मंडल शहर के व्यापारियों की एक मजबूत आवाज है और संगठन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं का समाधान संभव हो पाता है।
कार्यक्रम में राजेश अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, मनोज अग्रवाल (पाली भाई), राकेश बंसल, राजेश सिंघल, संदीप गुप्ता, साहूकार सिंह चाहर, राजेंद्र गुप्ता, योगेश रखवानी, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, अंशुल अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, कन्हैयालाल राठौर, जयप्रकाश अग्रवाल, धीरज वर्मा, राकेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।