आगरा के कैलाश मंदिर में पर्यटन विकास को रफ्तार, मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व तेजी पर जोर

आगरा के कैलाश मंदिर में चल रहे पर्यटन विकास कार्यों का मंडल आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने निरीक्षण किया। दूसरे चरण के कार्य 75% पूरे हो चुके हैं। आयुक्त ने गुणवत्ता और तेजी के साथ काम पूरा करने, पुरानी दीवारों के जीर्णोद्धार और परिसर के कायाकल्प के निर्देश दिए।

Apr 21, 2026 - 21:04
 0
आगरा के कैलाश मंदिर में पर्यटन विकास को रफ्तार, मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व तेजी पर जोर
कैलाश मंदिर पर चल रहे पर्यटन विकास कार्यों का निरीक्षण करते मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप।

आगरा। आगरा के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल कैलाश मंदिर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर मंगलवार को मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता का जायजा लिया।

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ने आयुक्त को अवगत कराया कि मंदिर परिसर में पहले चरण के विकास कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। वर्तमान में दूसरे चरण के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य जारी है, जिनमें घाट निर्माण, भंडार गृह, यमुना दर्शन डेक तथा पाथवे निर्माण प्रमुख हैं। इन कार्यों की भौतिक प्रगति लगभग 75 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां के विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा आयुक्त ने मंदिर की पुरानी एवं जर्जर दीवारों के जीर्णोद्धार के निर्देश दिए। साथ ही, परिसर में स्थित गिरासू (जर्जर) धर्मशाला को सुरक्षित तरीके से हटाने और पूरे मंदिर परिसर का समग्र कायाकल्प करने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस विकास कार्य के पूर्ण होने के बाद आगरा के इस प्राचीन धार्मिक स्थल की भव्यता और आकर्षण में और अधिक वृद्धि होने की उम्मीद है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।