ताजमहल घूमने आए कर्नाटक के पर्यटक ने होटल में की आत्महत्या, महिला मित्र की चीख से मचा हड़कंप
ताजमहल घूमने आए कर्नाटक के पर्यटक ने होटल में आत्महत्या की। महिला मित्र के बाहर होने के दौरान युवक ने फंदा लगाया। दरवाजा खोलते ही महिला की चीख से मचा हड़कंप। होटल स्टाफ ने पुलिस को दी सूचना। रकाबगंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी।
आगरा। ताजमहल देखने आगरा आए एक पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बुधवार रात ईदगाह क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में उसका शव फंदे पर लटका मिला। घटना के समय उसके साथ आई महिला मित्र कमरे में मौजूद नहीं थी।
मृतक की पहचान कर्नाटक के डोनिमडागु निवासी 38 वर्षीय सुब्रमणि बी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बुधवार शाम अपनी महिला मित्र के साथ आगरा पहुंचे थे और ईदगाह क्षेत्र के होटल ताज पैलेस में ठहरे थे। दोनों ने शाम के समय शहर घूमने और ताजमहल का दीदार करने का प्लान बनाया था।
घूमने के बाद जब दोनों होटल लौटे, तो कुछ देर बाद महिला किसी काम से कमरे से बाहर चली गई। इसी दौरान युवक ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब महिला वापस लौटी और कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर होटल स्टाफ मौके पर पहुंचा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर रकाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला मित्र से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।