ताजमहल साउथ गेट पर टूरिस्ट वॉर, 18 दिन में पलटी बाजी, अब दोनों पक्ष आमने-सामने

ताजमहल साउथ गेट पर दो एम्पोरियम पक्षों के बीच पर्यटकों को लेकर विवाद बढ़ा। 9 जून को शाहनवाज उर्फ सन्नू ने संदीप बघेल, अभिषेक चौहान व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। 26 जून को संदीप बघेल की तहरीर पर शाहनवाज, इमरान खान और साजी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस के कब्जे में घटना की सीसीटीवी फुटेज है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Jun 27, 2026 - 18:48
 0
ताजमहल साउथ गेट पर टूरिस्ट वॉर, 18 दिन में पलटी बाजी, अब दोनों पक्ष आमने-सामने
आपस में तक्रार करते संचालक।

आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल के साउथ गेट क्षेत्र में पर्यटकों को अपने-अपने एम्पोरियम तक ले जाने की होड़ अब कानूनी लड़ाई में बदल गई है। थाना ताजगंज क्षेत्र में दो एम्पोरियम संचालकों और उनसे जुड़े लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए मुकदमे दर्ज करा दिए हैं।

मामले की शुरुआत 9 जून को हुई थी, जब शाहनवाज उर्फ सन्नू ने अभिषेक चौहान, संदीप बघेल और अन्य गाइडों के खिलाफ थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कराया। अपनी शिकायत में शाहनवाज ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। उसने घटना की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई, जो फिलहाल पुलिस के कब्जे में है।

इसके करीब 18 दिन बाद, 26 जून को मामले ने नया मोड़ लिया। इस बार संदीप बघेल की तहरीर पर पुलिस ने शाहनवाज उर्फ सन्नू, इमरान खान और साजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। संदीप ने भी अपने साथ मारपीट, धमकी और विवाद करने के आरोप लगाए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि ताजमहल साउथ गेट क्षेत्र में पर्यटकों को अपने-अपने एम्पोरियम तक ले जाने की प्रतिस्पर्धा को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ था। इसी खींचतान ने आखिरकार विवाद का रूप ले लिया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। थाना ताजगंज पुलिस का कहना है कि दोनों मुकदमों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी पक्ष के साथ पक्षपात नहीं किया जाएगा। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।