वृंदावन में व्यापारियों का शक्ति प्रदर्शन और सरकार को चेतावनी, अनदेखी बंद करो वरना बदलेंगे समर्थन

आगरा/वृंदावन। वृंदावन स्थित माँ ज्वाला धाम श्री कृष्ण आश्रम में आयोजित भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी समागम में देश भर से आए व्यापारिक प्रतिनिधियों ने व्यापारियों की समस्याओं, सरकारी नीतियों और बाजार में बढ़ते संकटों को लेकर खुलकर आवाज बुलंद की। राष्ट्रीय स्तर पर हुए इस मंथन में कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए और सरकारों को चेतावनी दी गई कि यदि व्यापारियों की समस्याओं की लगातार अनदेखी होती रही तो व्यापारी वर्ग आगामी चुनावों में वैकल्पिक राजनीतिक समर्थन पर विचार करने को मजबूर होगा।

May 13, 2026 - 18:44
May 13, 2026 - 18:48
 0
वृंदावन में व्यापारियों का शक्ति प्रदर्शन और सरकार को चेतावनी, अनदेखी बंद करो वरना बदलेंगे समर्थन
वृंदावन में आयोजित राष्ट्रीय व्यापारी समागम में राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू लाल गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष टीएन अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारी।

समागम में राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू लाल गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, महामंत्री राजेंद्र गुप्ता, दिलीप सेठ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष टीएन अग्रवाल सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रदेश अध्यक्षों, महामंत्रियों और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान व्यापारिक नीतियों में समानता, कर व्यवस्था, ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव और छोटे व्यापारियों के संकट जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू लाल गुप्ता ने कहा कि पूरे देश में मंडी शुल्क की धारा एक समान लागू किए जाने की मांग को लेकर 17 मई को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ विदिशा में महत्वपूर्ण बैठक होगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाकर समाधान की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की जा रही है।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि प्रदेश में ट्रेड लाइसेंस शुल्क को स्थायी रूप से समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रिहायशी भवनों में संचालित छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए व्यवहारिक नियम बनाए जाएं ताकि छोटे व्यापारियों को अनावश्यक उत्पीड़न का सामना न करना पड़े। उन्होंने सुझाव दिया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर व्यापारियों के हित में ठोस निर्णय कराया जाए।

देश भर से पहुंचे प्रतिनिधियों ने व्यापारियों के लिए आयुष्मान योजना लागू करने की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई। उनका कहना था कि जब पश्चिम बंगाल और गुजरात जैसे राज्यों में व्यापारियों के आयुष्मान कार्ड बन रहे हैं, तो उत्तर प्रदेश में भी इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए।

समागम में सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने सर्राफा व्यापार पर मंडरा रहे संकट को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते सर्राफा व्यवसाय के लिए स्पष्ट और मजबूत नीति नहीं बनाई तो हजारों व्यापारी आर्थिक संकट में फंस जाएंगे।

बैठक में बढ़ती ऑनलाइन खरीदारी और बदलते बाजार ढांचे को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। व्यापारियों ने कहा कि बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव से छोटे दुकानदारों का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है और व्यापारी दूसरे राज्यों में पलायन के लिए मजबूर हो रहे हैं।

व्यापारी नेताओं ने सर्वसम्मति से मांग उठाई कि महान दानवीर भामाशाह की जयंती 28 जून को सरकारी स्तर पर भामाशाह दिवस घोषित किया जाए, ताकि व्यापारिक समाज के ऐतिहासिक योगदान को उचित सम्मान मिल सके।

समारोह के दौरान उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता, मंत्री राजेश अग्रवाल, संगठन मंत्री कन्हैयालाल राठौड़ और आगरा व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक मंगवानी ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का स्वागत, सम्मान और अभिनंदन किया।

SP_Singh AURGURU Editor