ट्रांसपोर्ट नगर कट पर मौत का तांडव, कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, महिला गंभीर घायल

आगरा-मथुरा हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर कट के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सर्विस रोड से हाईवे पर चढ़ रही बाइक को तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कंटेनर की बॉडी में फंस गई और कई मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पुलिस और एसीपी अमीषा सिंह मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने कंटेनर और उसके चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Jul 10, 2026 - 20:59
 0
ट्रांसपोर्ट नगर कट पर मौत का तांडव, कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, महिला गंभीर घायल
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस जांच करती हुई।

आगरा। आगरा-मथुरा हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर कट के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सर्विस रोड से हाईवे पर आ रही एक बाइक को तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक कंटेनर की बॉडी में फंस गई और कंटेनर उसे कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना न्यू आगरा और हरीपर्वत पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अमीषा सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

फिलहाल पुलिस मृत युवक और घायल महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने हादसे के बाद कंटेनर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

ट्रांसपोर्ट नगर कट पर हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बाइक को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।