आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, टायर फटा, कई बार पलटी कार, 7 माह की मासूम की मौत

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार कार का टायर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया। कार कई बार पलटी, जिसमें सात माह की बच्ची यति की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

May 28, 2026 - 17:18
 0
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, टायर फटा, कई बार पलटी कार, 7 माह की मासूम की मौत
क्षतिग्रस्त कार का मुआयना करती पुलिस।

आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों से भरे परिवार को मातम में बदल दिया। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और कई बार पलटता चला गया। हादसे में सात माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक मैनपुरी निवासी निशांत वशिष्ठ अपनी पत्नी वैष्णवी, सात माह की बेटी यति और एक अन्य युवती के साथ कार से दिल्ली जा रहे थे। दोपहर के समय उनकी कार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना फतेहाबाद क्षेत्र में 22.500 माइल स्टोन के पास पहुंची ही थी कि अचानक कार का अगला टायर फट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर से टकराते हुए कई बार पलटी खा गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसमें सवार लोग अंदर फंसे हुए थे।

सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस, यूपीडा कर्मी और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने सात माह की मासूम यति को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

वहीं गंभीर रूप से घायल निशांत और उनकी पत्नी वैष्णवी को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया। कार में सवार एक अन्य युवती को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित बताई जा रही है।

पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।