आगरा के बाह में दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस ने बाइक को रौंदा, महिला की मौत, नाती घायल

बाह/आगरा। थाना बाह क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कस्बा बाह में आर्यावर्त बैंक के पास उस समय हुआ, जब एक रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी।

Feb 26, 2026 - 20:07
Feb 26, 2026 - 20:09
 0
आगरा के बाह में दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस ने बाइक को रौंदा, महिला की मौत, नाती घायल
दुर्घटना में मृत महिला की फाइल फोटो।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीदेवी (उम्र 60 वर्ष) पत्नी चंद्रभान, निवासी ग्राम अमाही, थाना जैतपुर, अपने नाती अंशुल (उम्र 22 वर्ष) के साथ बाइक से फतेहाबाद जा रही थीं। जैसे ही वे कस्बा बाह में आर्यावर्त बैंक के समीप पहुंचे, पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को चपेट में ले लिया।

टक्कर लगते ही बाइक सड़क पर गिर पड़ी और उस पर सवार महिला व युवक उछलकर नीचे आ गिरे। दुर्भाग्यवश बस का टायर महिला के ऊपर चढ़ गया, जिससे श्रीदेवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नाती अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, वहीं घायल युवक को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। महिला की मौत से कोहराम मच गया।

पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor